अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि उन्होंने समाजवादी पार्टी नेता फहद अहमद से शादी कर ली है। स्वरा भास्कर द्वारा शेयर किये गए वीडियो में शादी से जुड़ी कई तस्वीरें और कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज भी हैं, जिसके मुताबिक़ यह शादी 6 जनवरी 2023 को मुंबई में हुई है। स्वरा भास्कर और फहद अहमद की शादी की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
स्वरा भास्कर ने किया ट्वीट
स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर लिखा है कि कभी-कभी आप किसी ऐसी चीज के लिए दूर-दूर तक खोज करते हैं जो आपके ठीक बगल में होती है। हम प्यार की तलाश में थे, लेकिन हमें पहले दोस्ती मिली और फिर हमने एक दूसरे को पा लिया है। मेरे दिल में आपका स्वागत है फहद अहमद। इसका जवाब देते हुए फहद अहमद ने लिखा है कि कभी नहीं पता था कि अराजकता इतनी खूबसूरत हो सकती है, मेरा हाथ थामने के लिए शुक्रिया।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर स्वरा भास्कर के चाहने वाले उन्हें खूब बधाईयां दे रहे हैं लेकिन विरोधियों ने इस शादी पर सवाल भी उठाये हैं और तंज भी कसा है। विवेक पाण्डेय नाम के यूजर ने लिखा कि स्वरा भास्कर ने फहद अहमद से की शादी, यह तो CAA का प्यार है। @SheelExcel यूजर ने लिखा कि चलिए स्वरा भास्कर जी को अब सपा से गठबंधन करने की बहुत बहुत शुभकामनायें, आपको जल्दी ही राज्यसभा में जाने का अवसर प्राप्त हो।
@RashidAimim यूजर ने लिखा कि इस शादी से सब को सांप सूंघ गया है। एक यूजर ने लिखा कि स्वरा भास्कर हुई फहद अहमद की, वैसे भक्तों को इस शादी से ऐतराज नहीं होना चाहिए, क्यूंकि वो लोग तो स्वरा को हिन्दू मानते ही नहीं थे. @ShivamSanghi12 यूजर ने लिखा कि CAA-NRC विरोध के प्रमुख चेहरा रहे फहद अहमद और स्वरा भास्कर ने विवाह किया, समझ रहे हो ना बिनोद?
बता दें कि फहद अहमद ने CAA के खिलाफ भी मुंबई में प्रोटेस्ट निकाला था और इसे असंवैधानिक करार देते हुए अगस्त क्रांति मैदान में धरना दिया था। स्वरा भास्कर ने भी CAA के खिलाफ चल रहे आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। गौरतलब है कि टाटा इंस्टिट्यूट में पढ़ाई के दौरान फहद अहमद छात्र संघ के महासचिव चुने गए और 2017 से 18 तक इस पद पर रहे।