कहते हैं न कि मां सरस्वती की कृपा जिस पर होती है उसकी आवाज में इतनी मिठास होती है कि जो सुन ले वह मंत्रमुग्ध हो जाता है। ऐसी ही एक आवाज इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है जो लोगों के दिल को छू गई है। वायरल वीडियो तमिलनाडु का बताया जा रहा है जिसमें एक लड़का मंदिर के अंदर खड़ा होकर ईश्वर के सामने एक भजन गा रहा है। दक्षिण भारत में जिस तरह के संगीत, सुर और ताल में भजन गाए जाते हैं इस लड़के ने एकदम उसी अंदाज में अपनी सुरीली आवाज में भजन को गाया है। इस लड़के की आवाज लोगों के दिल को छू गई है।
लड़के की आवाज ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि साधारण से कपड़े पहनकर मंदिर में खड़ा ये लड़का भावभूर्ण संगीत के साथ अपनी सुरीली आवाज में बहुत ही प्यारा भजन गा रहा है। उस लड़के की आवाज को सुनकर मंदिर में आए श्रद्धालु एकदम मंत्रमुग्ध हो गए हैं। यह बच्चा अपनी आवाज के साथ-साथ अपनी मासूमियत की वजह से भी वायरल हो रहा है। मंदिर में भगवान के समक्ष इस लड़के ने कोई भव्य भौतिक वस्तु या अनुष्ठान अर्पित नहीं किया बल्कि अपनी मधुर आवाज में एक भजन गाकर उसने अपनी भक्ति ईश्वर के समक्ष रखी।
इंस्टाग्राम पर यह वायरल वीडियो kannantmzh नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो 1.5 मिलियन से अधिक लोगों ने देख लिया है। वीडियों में यह बच्चा इतनी गहरी भक्ति से गा रहा है कि उसने न केवल भगवान को मंत्रमुग्ध कर दिया, बल्कि मंदिर में आने वाले लोगों को भी भावविभोर और अवाक कर दिया।
इस बच्चे की भावपूर्ण आवाज मंदिर परिसर में गूंज रही थी, जिससे आगंतुक रुककर भक्तिमय भजन सुनने को मजबूर हो गए। साधारण पोशाक पहने, माथे पर चंदन का टीका लगाए, वे भगवान की ओर मुख करके, हृदय में अद्भुत पवित्रता के साथ गाते हुए दिखाई दिए। यह आराधना, अध्यात्म और लोगों को एक साथ लाने में संगीत की शक्ति के सच्चे सार को दर्शाता है।