भारत में लगातार लोगों में वजन बढ़ने की समस्या सामने आ रही है। यही कारण है कि मोटापे को महामारी तक कहा जा रहा है। इस मोटापे की समस्या से पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक ग्रस्त हैं। अक्सर जो महिलाएं घरों में रहती हैं वे यह मान कर चलती हैं कि घर के काम करने के दौरान उनका व्यायाम हो जाता है। इस वजह से उनका वजन नहीं बढ़ेगा, लेकिन सच्चाई यह है कि जो महिलाएं घरों में रहती हैं उनमें वजन बढ़ने की समस्या अधिक देखी जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में बावन फीसद पुरुष और उनसठ फीसद महिलाओं का वजन अधिक है। तो वहीं, राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के मुताबिक, दक्षिण भारत में विवाहित महिलाओं में मोटापा अधिक बढ़ रहा है। मोटापा एक गंभीर बीमारी बेशक न हो, लेकिन कई बीमारियों की जन्मदाता जरूर है। महिलाओं में मोटापा बढ़ने के कई कारण हैं।
व्यायाम न करना
महिलाएं चाहे घरेलू हों या दफ्तर में काम करने वाली, दोनों में से किसी को भी व्यायाम करने का मौका नहीं मिलता। घर में रहने वाली महिला घरेलू कामों से फुरसत नहीं पाती है तो दफ्तर में काम करने वाली महिला घर और दफ्तर दोनों के काम के बीच सैंडविच बन जाती है। यही वजह है कि महिलाओं में वजन तेजी से बढ़ता है। इसका खमियाजा भी उन्हें उठाना पड़ता है।
विटामिन डी की कमी
हाल ही में एक शोध किया गया कि महिलाओं में गलत खानपान की वजह से नहीं बल्कि विटामिन डी की कमी की वजह से मोटापा बढ़ रहा है। शोध के मुताबिक 68.6 फीसद महिलाओं में विटामिन डी की कमी पाई गई, 26 फीसद महिलाओं में विटामिन डी जरूरत से ज्यादा पाया गया। सिर्फ 5.5 महिलाओं में विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा थी। अक्सर महिलाएं घरों में रहती हैं या कार्यालयों में, इस वजह से उन्हें पर्याप्त विटामिन डी नहीं मिल पाता। यही वजह की विटामिन डी की कमी होती है महिलाओं में मोटापा बढ़ता है।
पर्याप्त नींद न लेना
घर की जिम्मेदारियों की वजह से महिलाएं पुरुषों के मुकाबले अधिक तनाव में रहती हैं। इस वजह से वे पर्याप्त नींद नहीं ले पाती हैं। इस वजह से मोटापा बढ़ता है। महिलाओं में जब मोटापा बढ़ता है, तो सबसे पहले पेट की चर्बी बढ़ती है। इसके पीछे कारण है कि हम जो भी खाते हैं वह सबसे पहले हमारी तोंद में चर्बी के रूप में जमा होने लगता है। व्यायाम न करने से तोंद और बढ़ने लगती है। इसके अलावा लंबे समय तक जगने पर रात में भी महिलाएं खाना खाती रहती हैं। इस वजह से भी मोटापा बढ़ता है।
बीमारियां
महिलाओं में मोटापा बढ़ने से कई गंभीर बीमारियां हो रही हैं। मोटापे की गंभीरता को देखते हुए देश में हर साल 11 अक्तूबर को वर्ल्ड ओबेसिटी डे मनाया जाता है। मोटापा किन वजहों से होता है इसके बारे में लोगों को जानकारी होना जरूरी है ताकि वे इससे होने वाली गंभीर बीमारियों से बच सकें। मोटापा के कारण महिलाओं में बांझपन, अनियमित मासिक धर्म, गर्भधारण में समस्या, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, डायबिटीज, सांस लेने में दिक्कत आदि समस्याएं होती हैं। ये समस्याएं कई बार गंभीर हो जाती हैं।
उपाय
क्या न खाएं
वजन घटाने के लिए जरूरी है कि हमारा मोटापा किन वजहों से बढ़ता है इस बारे में ंमालूम होना चाहिए। मोटापे से बचने के लिए जरूरी है कि अधिक मीठे पदार्थ न खाएं। सुबह खाली पेट गुनगुने पानी शहद या अदरक का पेस्ट मिलाकर पीएं। इससे वजन कम होता है। हरी चाय, अंकुरित अनाज और गर्म दूध का सेवन करें।
पेट की चर्बी घटाएं
मोटापा बढ़ता है, तो उसका सीधा असर पेट की चर्बी पर दिखाई देता है। इसे कम करने के लिए व्यायाम करें। लंबे समय तक बैठे रहने या शारीरिक गतिविधियों के कम होने से पेट की चर्बी बढ़ने लगती है। इसलिए जरूरी है कि व्यायाम किया जाए।
उचित नींद
उचित नींद से कई समस्याएं हल हो जाती हैं। मोटापा भी पर्याप्त नींद लेने से कम होता है। मोटापा बढ़ने का एक कारण तनाव भी है और जब पर्याप्त नींद नहीं होती है, तो तनाव बढ़ता है और फिर मोटापा। इसलिए सात से आठ घंटे की नींद जरूर लें।

