अपने आसपास चलन में चल रहे कपड़े बदलाव लेकर आते हैं। अब होली का मतलब सिर्फ गुलाल और गीले रंग के साथ गुझिया और दही वड़े ही नहीं हैं, बल्कि होली का मतलब ट्रेंडी कपड़े भी हैं। यही वजह है कि ट्रेंडी कपड़ों की फोटो और साथ में उससे संबंधित जानकारी कई माध्यमों से मिलती रहती है। कमाल की बात तो यह है कि अब तो कई ऐप ऐसे हैं जिनसे आप आसानी से घर बैठे अपने पसंद के कपड़े आर्डर कर सकते हैं।
कुर्ती-सलवार तो कभी पुराने नहीं होते, लेकिन अब नए डिजाइन में शामिल हो रहा है टाइट्स, स्कर्ट्स, शरारा, जो प्रिंटेड फैब्रिक के साथ बारीक धागे के काम के साथ उपलब्ध हैं। ढीले-ढाले टॉप या कुर्ती के साथ प्लाजो, टाइट्स, स्कर्ट्स होली परिधान को स्टाइलिश लुक देते हैं। फैशनेबल लोगों को इतने में संतुष्टि नहीं मिलती, उन्हें हमेशा अलग स्टाइल की खोज रहती है। दिवाली पार्टी की तर्ज पर अब होली पार्टी भी होने लगी हैं, जिसमें युवाओं को भीड़ से अलग दिखना जरूरी लगता है। ऐसे में ये डिजाइनर ट्रेंडी परिधान उनकी पहली प्राथमिकता होते हैं।
कपड़े पर चेहरा
इंडिगो रंग का टाई और डाई रंगों के उत्साह को कई गुना बढ़ा देता है, इसमें हाथ के बने फूलों वाले मोटिफ कॉटन परिधान पर खूब जचते हैं। सूती और रेयॉन पर टाई और डाई बहुत खूबसूरत दिखती है। पीला, नीला, गुलाबी और लाल रंगों पर यह खूबसूरती से निखर कर आता है। टाई और डाई की तरह ही बाटिक भी बहुत खूबसूरत दिखता है और अपने खूबसूरत डिजाइन की वजह से कभी फैशन से बाहर नहीं होता। बांधनी का दुपट्टा किसी भी परिधान के साथ उसकी रंगीनियत को बढ़ा देता है। इसलिए, इन दिनों बांधनी के दुपट्टे फिर से बाजार में लहराने शुरू हो चुके हैं। बुद्ध और अन्य चेहरे वाले कलमकारी मोटिफ वाले परिधान शाम के लिए बिल्कुल सही हैं। इकत मोटिफ वाले परिधान भी बेजोड़ दिखते हैं।
रंग कपड़ों पर भी
होली रंगों का त्योहार तो है, पर इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि सफेद कपड़े ही चलेंगे। बिल्कुल नहीं। स्कारलेट लाल, हॉट गुलाबी, लेक ब्लू, फारेस्ट ग्रीन, बर्न्ट नारंगी जैसे कई खूबसूरत रंगों में ये कपड़े होली के रंगों के साथ खूबसूरती से मिल जाते हैं। इन अलग रंगों के अलावा, पीला, नीला, गुलाबी, लाल जैसे रंग तो हमेशा से ही पसंद किए जाते रहे हैं।
बांसुरी और शंख
कृष्ण द्वारा राधा और गोपियों के साथ वृंदावन में होली खेलना इन कपड़ों का सबसे अहम डिजाइन है। बांसुरी और शंख को खूबसूरती से धागे की मदद से उकेरा गया है। दो और डिजाइन फूलों वाला और मोर पंख का है, जो फूलों की होली से प्रेरित है। इस बार बाजार में जो नया डिजाइन आया है, वो है बच्चों के प्रिंट वाला। इस डिजाइन में बच्चे पिचकारी और बाल्टी लेकर एक-दूसरे पर रंग डालते दिखाए गए हैं। कुछ बच्चे ढोलक भी बजा रहे हैं। एक डिजाइन भाईचारे का संदेश देता हुआ भी है, जिसमें प्यारा सा सरदार बच्चा ढोलक बजा रहा है। ढफली बजाते रंगों से सराबोर एक जोड़े वाली डिजाइन भी इन दिनों बाजार में छाई हुई है। दो सहेलियां एक-दूसरे पर पिचकारी से रंग डाल रही हैं तो कुर्ती पर रंग भरे हाथ की छाप भी काफी पसंद की जा रही है। इसके अलावा, टी-शर्ट्स पर ‘हैप्पी होली’ लिखा डिजाइन तो हमेशा से ट्रेंड में बना रहता है।
त्वचा का ख्याल
होली का मतलब ऐसे कपड़े पहनने नहीं रह गया है, जो गीले होने पर त्वचा पर चिपक जाएं। अब सबको स्टाइलिश कपड़े के साथ ही आरामदायक और मुलायम कपड़े चाहिए, जो उन्हें त्योहार के रंग में भंग न पड़ने दें। जॉर्जेट एक बढ़िया फैब्रिक है और इससे रंग भी आसानी से निकल जाते हैं। इसके अलावा, कॉटन और लिनन के होली परिधान भी बाजार में छाए हुए हैं।
फिल्मों का असर
बॉलीवुड के न केवल गीतों बल्कि कपड़ों का असर भी हमारे रोजमर्रा के जीवन पर दिखता है और बात जब होली के परिधानों की आती है तो सिलसिला फिल्म की रेखा को नहीं भूला जा सकता। सफेद रंग की सलवार कमीज और दुपट्टा होली के दिन की शान है। अगर कुछ समझ नहीं आ रहा है तो इससे बेहतर और कोई होली परिधान नहीं। इसी तरह ‘ये जवानी है दीवानी’ का दीपिका पादुकोण का शॉर्ट्स और टी-शर्ट वाला लुक भी बहुत पसंद किया जाता है। युवतियों को होली के दिन पहनने के लिए ये सहज उपलब्ध होने के साथ ही स्टाइलिश भी दिखता है। हुमा कुरैशी का सफेद तनिक शर्ट के साथ फ्लेयर वाली स्कर्ट और साथ में रंगीन दुपट्टा भी होली के लिए आदर्श परिधान है। इसके अलावा, एक और फिल्मी लुक जो बहुत पसंद किया जाता है, वह है फिल्म ‘रामलीला’ का दीपिका पादुकोण का भारी सा लहंगा वाला लुक।

