हर व्यक्ति अपने जीवन में सुख और समृद्धि की आशा करता है। हर कोई चाहता है कि वे आर्थिक और शारीरिक दोनों रूप से हमेशा स्वस्थ और समृद्ध रहें। हालांकि, कुछ लोग अपने जीवन से आर्थिक तंगी को खत्म करने के लिए चाहे लाख कोशिश क्यों न कर लें, उन्हें अनुकूल परिणाम नहीं मिल पाते हैं। साथ ही उनका कर्ज कभी खत्म नहीं हो पाता है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो बता दें कि वास्तु शास्त्र में कई ऐसे मंत्रों का जिक्र किया गया है, जिनका मात्र जाप करने से आर्थिक तंगी को दूर किया जा सकता है। यहां हम आपको एक ऐसे ही मंत्रों के बारे में बता रहे हैं।

एस्ट्रो वास्तु एक्सपर्ट्स आचार्य संजीव ठाकुर और साक्षी ठाकुर के मुताबिक, वास्तु शास्त्र में कई ऐसे मंत्र हैं जिनका जाप आपको कई तरह से लाभ पहुंचा सकता है। कुछ मंत्रों का उच्चारण करने से धन को आकर्षित किया जा सकता है, तो कुछ आपको तमाम तरह की बीमारियों, मुसीबत और तनाव से दूर रखने में भी मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ मंत्रों के बारे में-

आर्थिक तंगी दूर करने के लिए जपें ये मंत्र

आचार्य संजीव ठाकुर और साक्षी ठाकुर के मुताबिक, अगर आप कर्ज में डूबे हुए हैं, आपके पास धन रुकता नहीं है और जेब हमेशा खाली रहती है, तो रोज ‘कोनवा लेक्सा’ (Convalexa) का जाप करें। एस्ट्रो वास्तु एक्सपर्ट्स बताते हैं, ‘ये बेहद शक्तिशाली शब्द है, जो धन को आकर्षित करता है। आप दिनभर में किसी भी समय, कोई भी काम करते हुए केवल 51 बार इस मंत्र का जाप करें, कुछ समय तक ऐसा करने पर धन खुदबखुद आपके पास आने लगेगा। हालांकि, ध्यान रहे मंत्र उच्चारण करते समय आपका पूरा ध्यान उस ओर हो, साथ ही आपके मन में लालच भाव न रहे। अगर आप वाकई धन की तंगी से जूझ रहे हैं और पूरे विश्वास के साथ इस मंत्र का जाप करते हैं, तो आपको इससे लाभ जरूर मिलेगा।’

बीमारी दूर रखता है ये मंत्र

एस्ट्रो वास्तु एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप बीमारियों की चपेट में जल्द आ जाते हैं या आपकी सेहत दुरुस्त नहीं रहती है, तो ‘अश्विना’ मंत्र का जाप करें। इस मंत्र के पीछे का रहस्य समझाते हुए संजीव ठाकुर और साक्षी ठाकुर बताते हैं, ‘हिन्दू धर्म में 33 कोटि देवी-देवताओं का उल्लेख मिलता है, जिनमें दो अश्विन कुमार भी शामिल हैं। ये दिव्य चिकित्सक और रोगमुक्त करनेवाले हैं। ऋग्वेद, वराह पुराण तथा कई अन्य पुराणों में अश्विन कुमार का वर्णन किया गया है। वहीं, वास्तु शास्त्र में बताया जाता है कि अश्विन कुमार के नाम का जाप (अश्विना) करने से व्यक्ति हर रोग से मुक्त हो जाता है। ऐसे में आप भी खुद को सेहतमंद रहने के दिन सच्चे मन से ‘अश्विना-अश्विना’ शब्द का उच्चारण करें। इससे आपको खुद अपनी सेहत में फर्क नजर आने लगेगा।’

मुसीबत से दूर रखने के लिए रोज जपें ये नाम

इन सब से अलग आचार्य संजीव ठाकुर और साक्षी ठाकुर ने तमाम तरह की मुसीबत से खुद को बचाए रखने के लिए भी एक शक्तिशाली मंत्र के बारे में बताया है। उनके मुताबिक, किसी भी छोटी या बड़ी मुसीबत में फंसने पर ‘धुरंत देव’ के नाम का जाप करें। इससे मुसीबत खुदबखुद आपका पीछा छोड़ देगी।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।