Sawan Purnima Ke Upay: शास्त्रों में सावन पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन रक्षाबंधन भी मनाया जाता है। वहीं इस तिथि को सिद्धिदायक दिन भी कहा जाता है। मतलब इस दिन कोई भी उपाय करने से वह सिद्ध हो जाता है। वहीं सावन पूर्णिमा के दिन गायत्री जयंती का पर्व भी मनाया जाएगा। साथ ही इस दिन ग्रहों के राजा सूर्य देव पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश कर रहे हैं। जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। वहीं ज्योतिष में कुछ उपायों का वर्णन मिलता है, जिनको इस दिन करने से धन- समृद्धि की प्राप्ति हो सकती है। आइए जानते हैं ये उपाय कौन से हैं…
आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए
अगर आपकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो तो सावन पूर्णिमा के दिन पति पत्नी को चंद्रमा को कच्चे दूध में चीनी और चावल मिलाकर अर्घ्य दें। साथ ही अर्घ्य देते समय ॐ स्त्रां स्त्रीं स्त्रौं सः चन्द्रमसे नमः का जप करें। ऐसा करने से आर्थिक स्थिति में सुधार आता है। साथ ही पति- पत्नी के बीच संबंध मधुर होते हैं। वहीं अगर आपकी कुंडली में चंद्र दोष है तो आपको उससे मुक्ति मिलती है।
मां लक्ष्मी की बनी रहेगी कृपा
अगर आप आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं तो आप सावन पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी पर पिसी हल्दी लगी 11 कौड़ी अर्पित करें। साथ ही मां लक्ष्मी के सामने घी का दीपक जलाएं और फिर लक्ष्मी चालीसा का पाठ करें। वहीं इसके बाद उन कौड़ियों को लाल कपड़े में बांधकर धन स्थान पर रख दें। ऐसा करने से आपके धन में वृद्धि हो सकती है।
सुख- शांति और ज्ञान की होती हो प्राप्ति
अगर आपके जीवन में सुख-शांति का अभाव हो तो सावन पूर्णिमा के दिन केले की जड़ और हल्दी की गांठ को पीले कपड़े में बांधकर अपने दांए हाथ में बांध लें। ऐसा करने से आपके जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। वहीं बजट न होने की वजह से जो लोग पुखराज नहीं पहन सकते हैं वह भी केले की जड़ और हल्दी की गांठ बांध सकते हैं।
इस उपाय से होगा भाग्योदय
सावन पूर्णिमा के दिन गायत्री जयंती का पर्व भी मनाया जाएगा। इस दिन मां गायत्री के चित्र या मूर्ति के पास शुद्ध घी का दीपक जलाएं। साथ ही 108 बार गायत्री मंत्र का जाप करें। ऐसा करने से आपके रुके हुए काम बनने लगेंगे। साथ ही आपको किस्मत का साथ मिलेगा।