Ramlala Tilakotsav 2024: अयोध्या में इन दिनों भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की तैयारियां बड़े धूमधाम से चल रही हैं। इस वक्त पूरे शहर में एक त्योहार जैसा माहौल है। हर साल की तरह इस बार भी श्रीराम विवाहोत्सव अगहन पंचमी यानी कि 6 दिसंबर को मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को भगवान श्री राम और माता सीता का विवाह हुआ था। इस बार विवाह पंचमी के मौके पर अयोध्या में कई खास कार्यक्रम होने जा रहे हैं। वहीं आज यानी 18 नवंबर दिन सोमवार को तिलकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि राम मंदिर के निर्माण के बाद पहली बार भगवान राम का तिलक होगा। ऐसे में आइए जानते हैं तिलक से लेकर शादी तक होने वाले कार्यक्रम के बारे में।
श्री राम का भव्य तिलकोत्सव आज
आज भगवान श्री राम का तिलकोत्सव का आयोजन किया गया है। तिलकोत्सव में जनकपुर से सीता माता के परिवार वाले और अन्य मेहमान शामिल होंगे। जनकपुर के जानकी मंदिर के महंत रामरोशन शरण और नेपाल के मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह अपने मंत्रिमंडल के चार सहयोगियों के साथ इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। इनके अलावा तीन तिलकहारु पहले ही जनकपुर से रवाना हो चुके हैं। आयोजन स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सोमवार को दोपहर 2 बजे रामसेवक पुरम में तिलक समारोह होगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए नेपाल के धर्म यात्रा महासंघ के संयोजक रघुनाथ शाह समेत 12 लोग पहले से ही अयोध्या पहुंच गए हैं।
भव्य पंडाल और मंच की तैयारी
तिलकोत्सव के लिए रामसेवक पुरम में एक विशाल पंडाल और मंच बनाया जा रहा है। मंच की लंबाई-चौड़ाई 100×90 फीट है। आयोजन में शामिल होने के लिए संतों, महंतों और गणमान्य लोगों को विशेष निमंत्रण भेजा गया है। इस खास मौके पर तिलक की रस्म भी पूरी परंपरा के साथ होगी। सीता माता के भाई की भूमिका निभाने के लिए जनकपुर के जानकी मंदिर के महंत रामरोशन शरण खुद उपस्थित रहेंगे।
तिलकोत्सव की तैयारी
तिलकोत्सव में आने वाले मेहमानों के लिए स्वादिष्ट भोजन का इंतजाम किया गया है। खाने में पूड़ी, सब्जी, चावल, रायता, पापड़, हलवा, आलू टिक्की और पापड़ी चाट जैसी चीजें परोसी जाएंगी। इसके साथ ही अयोध्या की महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाकर माहौल को और भी खास बनाएंगी।
बारात की तैयारी
श्रीराम विवाह के लिए 6 दिसंबर को अयोध्या से जनकपुर तक बारात जाएगी। बारात के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि चुनिंदा लोगों को ही बारात में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।