देश में पांच राज्यों में चुनाव हैं और 27 फरवरी के आसपास आकाश में भी पांच ग्रह, मकर राशि में आकर, देश की दशा और दिशा बदलने में निर्णायक सिद्ध होंगे।
साल 1962 में आठ ग्रह अर्थात अष्टग्रही का योग बना था और चीन ने भारत पर हमला किया था। जब भी कुछ ग्रह विशेष राशि में एक साथ आ जाते हैं तो देश, काल पात्र के अनुसार कुछ परिवर्तन अवश्य आते हैं। अकसर सीमा विवाद होते हैं। इन दिनों ये पंचग्रही योग रूस और यूक्रेन के मध्य सीमा विवाद बढ़ाएंगे। युद्ध 1962 में भी हुआ था और 2022 में भी हो रहा है। तब भी अंतरराष्ट्रीय मसला बना था। आज भी बना है। ज्योतिष शास्त्र ऐसी खगोलीय घटनाओं का जनजीवन पर अपेक्षित प्रभावों और बदलाव का विवेचन करता है। भारत में हो रहे चुनावों के अप्रत्याशित परिणाम आएंगे। कुछ सत्तारूढ़ होंगे तो कुछ सत्ता खो बैठेंगे।
ये पंचग्रही योग 27 फरवरी से 10 मार्च तक प्रभावी रहेगा और इसी मध्य चुनाव के परिणाम भी आ जाएंगे। इन दिनों काल सर्प योग भी प्रभावी रहेगा जो अप्रत्याशित घटनाओं का द्योतक है। यदि मोटे तौर पर देखें तो पांच ग्रहों का मकर राशि में बना जमघट पांच राशि के लोगों के लिए जीवन में अच्छा परिवर्तन लाएंगे। मेष, वृष ,कर्क, तुला और मकर राशिवालों को चुनावों का लाभ मिलेगा। खोई सत्ता प्राप्त होगी या नई सत्ता मिलेगी।
इन राशि के विद्यार्थी जातकों को शिक्षा, नौकरी आदि में लाभ मिलेगा। व्यापारियों को अपने व्यवसाय, रियल एस्टेट से जुड़े लोगों का भाग्य खुलेगा यानी संपत्ति के रूके सौदे पूरे होंगे। जिन लोगों की कुंडली में शुक्र, शनि, बुध, चंद्र और मंगल अच्छी स्थिति में हैं, उनके लिए पंचग्रही योग किस्मत पलटने वाला योग सिद्ध होगा।
27 फरवरी, 2022 को मकर राशि में विशेष पंचायत आरंभ होगी। बुध, मंगल व शनि पहले से इस में बैठे थे, उसी दिन चंद्रमा भी प्रवेश कर जाएंगे और शुक्र भी आ जाएंगे। इसलिए पांच राज्यों के चुनावी नतीजे इन पांच ग्रहों से प्रभावित रहेंगे। चुनाव के परिणाम 10 मार्च को अपेक्षित हैं। तीन ग्रह- शुक्र, मंगल और शनि मकर राशि में और दो ग्रह बुध व गुरु कुंभ राशि में रहेंगे। मकर और कुंभ राशियां, शनि ग्रह से संचालित हैं। जिनकी कुंडली में शनि उच्च या कारक ग्रह हैं, उनके लिए चुनाव के परिणाम किस्मत पलटने वाले साबित होंगे। जिनके जन्मांग में पूर्ण कालसर्प योग है, उनका भाग्य भी बदलने वाला है। अर्श से फर्श पर और फर्श से अर्श तक की स्थिति बनेगी यानी अचानक सरकार का फायदा मिल सकता है। जो सोचा वो होगा नहीं, जिसे नहीं सोचा वह अचानक हो जाएगा। यही है कालसर्प योग का कमाल।