अंकज्योतिष एक ऐसा शास्त्र है जिसकी सहायता से आप भविष्य, स्वभाव और करियर से संबंधित बहुत कुछ जानकारी हासिल कर सकते हैं। इतना ही नहीं आप इसकी मदद से ये भी जान सकते हैं कि आपकी किस मूलांक वाले व्यक्ति के साथ लव लाइफ ज्यादा बेहतर साबित होगी और प्यार को लेकर आपके पार्टनर या जीवन साथी की क्या सोच है। बस इसके लिए जरूरी है अपने मूलांक का पता होना। आपको अपनी जन्मतिथि से ही अपना मूलांक पता चल सकता है।

मूलांक 1- किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को जन्मे व्यक्तियों का मूलांक 1 होता है। यह नंबर सूर्य प्रधान होता है। इस मूलांक वाले लोग काफी महत्वाकांक्षी होते हैं और हर हाल में ये दूसरों से आगे रहना चाहते हैं। दूसरों को अपने नियंत्रण में रखना इन लोगों को पसंद होता है। इस अंक वाले लोगों की अंक 4 वालों से अच्छी पटती है। इन दोनों ही अंको का आकर्षण प्रबल होता है।

मूलांक 2- इस अंक के स्वामी चंद्रमा हैं। किसी भी महीने की 2, 11, 20 और 29 को जन्मे व्यक्तियों का ये मूलांक होता है। इस अंक के लोग अपने भविष्य के बारे में ज्यादा सोचते हैं। कई बार ये अपने आप को अकेला पाते हैं। किसी को भी काफी जल्दी अपना दिल दे बैठते हैं। इनकी मूलांक 7 वालों से अच्छी निभती है।

मूलांक 3- जो व्यक्ति 3, 12, 21, 30 तारीख को पैदा हुए हैं उनका मूलांक 3 है। ये लोग काफी महत्वाकांक्षी और आशावादी होते हैं। इनका मिजाज काफी स्वतंत्र होता है और इनकी इसी आजादी में कोई दखल दे, ये इनको पसंद नहीं। इस अंक वालों के साथ सोच समझकर ही रिश्ते बनाएं। इनका लव रिलेशन ज्यादातर 3, 6 और 9 वालों के साथ बनता है।

मूलांक 4- जिनका जन्म 4, 13 या 22 तारीख में हुआ है ऐसे लोग हर चीज को अपने हिसाब से करना पसंद करते हैं। निर्णय लेने की इनमें अच्छी क्षमता नहीं होती। किसी के भी प्रभाव में जल्दी आ जाते हैं। इनमें मित्र बनाने की खूबी होती है। मूलांक 1 वालों से इनकी बॉडिंग अच्छी रहती है।

मूलांक 5- इनकी ये खूबी होती है कि ये पलभर में किसी को भी अपना बना लेते हैं। जिस व्यक्ति का जन्म 5, 14, 23 तारीख में होता है उनका मूलांक 5 होता है। ये लोग अपनी बातों से किसी को भी प्रभावित कर लेते हैं। ये अपने प्रेम संबंधों को लेकर काफी ईमानदार होते हैं और अपने पार्टनर को खुश रखने की हर संभव कोशिश करते हैं।

मूलांक 6- जिस व्यक्ति की जन्म तारीख 6, 15, 24 होती है उनका मूलांक ये होता है। ये लोग देखने में काफी आकर्षक होते हैं। इन्हें अपने शरीर से काफी प्रेम होता है। ये लोग काफी रोमांटिक और शौकिन मिजाज के होते हैं। यह हर एक रिश्ते का सम्मान करते हैं। इनकी ज्यादातर लव मैरिज देखने को मिलती है।

मूलांक 7- जिस व्यक्ति का जन्म 7, 16 या 25 तारीख को होता है ऐसे लोग काफी किस्मत वाले होते हैं। ये लोग काफी आध्यात्मिक, संवेदनशील और भावुक होते हैं। इन्हें नये नये कार्यों में रूचि होती है। यह स्वाभिमानी और ईमानदार होते हैं। मूलांक 2 वालों के साथ इनका प्रेम प्रसंग ज्यादा बनता है। इन लोगों को बेहद शांत किस्म का प्रेमी या प्रमिका कहा जा सकता है।

मूलांक 8- किसी भी महीने की 8, 17 या 26 तारीख को जन्म लेने वाले व्यक्ति प्रेम के मामले में काफी ईमानदार होते हैं। ये मरते दम तक अपना प्यार निभाते हैं। ये लोग अपनी उम्र से बड़ा व्यवहार करते हैं। किसी भी आकर्षक व्यक्ति को देखकर जल्दी मोहित हो जाते हैं।

मूलांक 9- ये लोग काफी बलवान और साहसी होते हैं। अपनी लाइफ में रिस्क लेने की क्षमता अधिक रखते हैं। गुस्सा काफी जल्दी आता है। प्रेम को लेकर ज्यादातार ये लोग उदासीन नजर आते हैं। मूलांक 3 और 6 अंक वालों के साथ इनके प्रेम संबंध बेहतर साबित हो सकते हैं। 9, 18, 27 तारीख को जन्म लेने वाले लोगों का 9 मूलांक होता है।