महाराष्ट्र विचित्र दौर से गुजर रहा है। एकनाथ शिंदे की बग़ावत का क्या होगा अंजाम इसके विश्लेषण के लिए श्री ठाकरे और श्री शिंदे दोनों के कुंडली के आकलन की आवश्यकता है। महाराष्ट्र के वर्तमान मुख्यमंत्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे, जिनकी ज्ञात जन्म तिथि 27 जुलाई 1960, जन्म समय- सुबह 10.14 और जन्म स्थान मुम्बई है। अगर उनका यह जन्म विवरण सही है तो उनकी राशि सिंह और लग्न कन्या है। सुखेश और सप्तमेश बृहस्पति सुख भाव में शनि में साथ गलबहियां कर रहे हैं।
कुंभ का केतु षष्ठ भाव में, पराक्रमेश व अष्टमेश मंगल भाग्य भाव में, लग्नेश व कर्मेश बुध कर्म भाव में सूर्य और शुक्र लाभ भाव में तथा चंद्र व राहू व्यय भाव में आसीन हैं। इस समय ठाकरे सुखेश बृहस्पति की महादशा व शुक्र की अंतर्दशा व गुरु की प्रत्यंतर दशा भोग रहे हैं, जो तनाव व षड्यंत्रों का सृजन कर रहा है। 16 जुलाई 2022 से शुरू होने वाला शनि का प्रत्यंतर उद्धव ठाकरे को नए तनाव, नयी साज़िशें, आलोचनाओं के विचित्र रंग व अजीब कलेवर से नवाज़ रहा है। एकनाथ शिंदे के बग़ावती तेवरों से उसका असर दिखना आरम्भ भी हो गया है।
वहीं, एकनाथ शिंदे की ज्ञात जन्मतिथि 9 फरवरी 1964 है। यदि उनकी यह तिथि सत्य है और उनका जन्म समय दिन का मध्य मान लिया जाए तो श्री शिंदे की राशि धनु है। स्वग्रही शनि कुंभ राशि में विराज कर उन्हें एक विशिष्ट योग बना कर फ़र्श से अर्श पर बिठा रहा हैं। वहीं मीन का स्वग्रही बृहस्पति जहां विलक्षण दृष्टिकोण से नवाज़ रहा है, वहीं संवेदनशील भी बना रहा है।
सूर्य और बुध का बुद्धादित्य योग किसी बड़े पद की सरगोशी कर रहा है। ऐसे लोग दोस्तों के दोस्त होते हैं और शत्रुओं के उत्तम शत्रु। ये लोग जीवन में अपने क्षेत्र में सर्वोच्च पद सुशोभित करते हैं और एक मुखिया की भूमिका निभाते हैं। इस बग़ावत का अंजाम चाहे जो हो, पर ग्रह योग उनके अभी या भविष्य में मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होने का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं।