Kendra Trikon Rajyog Benefits: वैदिक ज्योतिष के अनुसार जब भी किसी बच्चे का जन्म होता है, तो उसकी कुंडली में ग्रह अशुभ और शुभ दोनों प्रकार के योगों का निर्माण करते हैं। जिसका प्रभाव उसके जीवन पर देखने को मिलता है। ऐसे में यहां हम बात करने जा रहे हैं ऐसे योग के बारे में, जिसका नाम है केंद्र त्रिकोण राजयोग, जिस व्यक्ति की कुंडली में यह योग होता है, वह व्यक्ति जीवन में खूब धन कमाता है। साथ ही उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहती है। ऐसे लोगों को करियर के क्षेत्र में उन्नति मिलती है और करियर से जुड़ी परेशानियां दूर होने लगती हैं। साथ ही उसको किस्तम का साथ मिलता है। आइए जानते हैं ये योग कुंडली में कैसे बनता है और इसके लाभ…
ऐसे बनता है केंद्र त्रिकोण राजयोग
वैदिक ज्योतिष अनुसार अगर त्रिकोण का स्वामी ग्रह केंद्र में उच्च का होकर स्थित हो या फिर केंद्र का स्वामी ग्रह त्रिकोण में उच्च का होकर विराजमान हो जाए तो केंद्र त्रिकोण राजयोग बनता है। इसके अलावा केंद्र और त्रिकोण के स्वामियों के बीच अगर युति संबंध बन जाए यानि इन दोनों भावों के स्वामी एक साथ स्थित हों तब भी केंद्र त्रिकोण राजयोग का निर्माण होता है।
केंद्र त्रिकोण राजयोग के लाभ
जिस व्यक्ति की जन्मकुंडली में केंद्र त्रिकोण राजयोग होता है। वह व्यक्ति राजाओं जैसी जिंदगी जीता है। साथ ही ऐसे व्यक्ति को समाज में मान- सम्मान और प्रतिष्ठा की प्राप्ति होती है। ये लोग अपनी शर्तों पर काम करना पसंद करते हैं। साथ ही ये लोग पैसे खर्च करने में आगे रहते हैं। ये लोग लैविश लाइफ जीते हैं। इनके शौक- मौज भी खूब महंगे होते हैं। इस राजयोग के चलते करियर में ऊंची छलांग भी व्यक्ति लगा सकता है।
वहीं सरकारी क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के लिए भी केंद्र त्रिकोण राजयोग शुभ माना जाता है। इस राजयोग के प्रभाव से निर्णय लेने की व्यक्ति की क्षमता में भी इजाफा होता है। साथ ही ऐसा व्यक्ति निडर और साहसी भी होता है। ये लोग समय- समय अपनी शक्ति का भी प्रदर्शन करते हैं। साथ ही इनको जलबा बहुत पसंद होता है। साथ ही इन लोगों को स्वतंत्रता पसंद होती है।