Holi 2024 Date Holika Dahan 2024 Muhurat: हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक होली का पर्व होता है। हर साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को होलिका दहन किया जाता है। इसके दूसरे दिन ही रंगों वाली होली खेली जाती है। होली के पर्व को बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में मनाया जाता है। देश ही नहीं विदेश में भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार भी होली की तिथि को लेकर थोड़ा सा असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कोई 24 तो कोई 25 मार्च 2024 को होली बता रहा है। आइए जानते हैं हिंदू पंचांग के अनुसार कब है होली। इसके साथ ही जानें होलिका दहन का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि…
होली 2024 तिथि (Kab Hai Holi 2024)
हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन पूर्णिमा 24 मार्च को सुबह 9 बजकर 54 मिनट से प्रारंभ हो रही है, जो 25 मार्च को दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर समाप्त हो रही है। ऐसे में होलिका दहन 24 मार्च और रंगों वाली होली 25 मार्च को खेली जाएगी।
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त (Holika)
इस साल होलिका दहन 24 मार्च को है। इसके साथ ही इस दिन देर रात होलिका दहन किया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार,रात 11 बजकर 15 मिनट पर शुरू होकर 25 मार्च को 12 बजकर 23 मिनट पर दहन समाप्त होगा। ऐसे में होलिका दहन के लिए आपको कुल 1 घंटे 14 मिनट का समय मिलेगा।
होलिका दहन की पूजा विधि
होलिका दहन के दिन होलिका मां की पूजा करना शुभ माना जाता है। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर सभी कामों से निवृत्त होकर स्नान कर लें। इसके बाद साफ-सुथरे वस्त्र धारण कर लें। फिर सूर्यदेव को अर्घ्य दें। इसके बाद होलिका दहन वाले स्थान में जाएं और उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख कर कर बैठ जाएं। इसके बाद होलिका में उपले की माला चढ़ाएं। इसके बाद रोली, अक्षत, फल, फूल, हल्दी, मूंग दाल, गेंहू की बालियां, गन्ना और चने का पेड़ आदि चढ़ा दें। दीपक, धूप जलाने के बाद कच्चा सूत या फिर कलावा लेकर 5 या फिर 7 परिक्रमा करके होलिका के चारों ओर सूत बांध दें। इसके बाद सुख-समृद्धि की कामना करें। रात को होलिका दहन के समय थोड़े से अक्षत अग्नि में जरूर डालें।
होली पर होगा साल का पहला चंद्र ग्रहण
साल का पहला चंद्र ग्रहण होली के दिन लग रहा है। 25 मार्च को सुबह 10 बजकर 42 मिनट से दोपहर 3 बजकर 1 मिनट तक चंद्र ग्रहण रहने वाला है। लेकिन ये ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा। इसलिए सूतक काल मान्य नहीं होगा। ऐसे में पूजा-पाठ, मांगलिक कार्य आदि आराम से कर सकते हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।