Guru Nanak Jayanti 2024 Date, History (गुरु पर्व कब है ): सिख धर्म के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी के जन्मदिन पर गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। गुरु नानक जयंती को गुरु पर्व या प्रकाश पर्व भी कहा जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को बड़े हर्ष और श्रद्धा से मनाया जाता है। दीपावली के लगभग 15 दिन बाद आने वाला यह दिन सिख समुदाय के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। इस दिन गुरुद्वारे में भजन कीर्तन के साथ-साथ लंगर का आयोजन किया जाता है। बता दें कि गुरु नानक देव जी का जन्म 1469ईस्वी को हुआ था और तब से लेकर अब तक हर साल उनकी जयंती मनाई जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं इस साल कब मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती साथ ही जानिए इसका इतिहास और महत्व।
कब मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती?
इस साल गुरु नानक जयंती 15 नवंबर 2024 को मनाई जाएगी। इस दिन की शुरुआत सुबह 6 बजकर 19 मिनट पर होगी और यह अगले दिन यानी 15 नवंबर 2024 को तड़के सुबह 2 बजकर 58 मिनट तक चलेगी। यह गुरु नानक देव जी की 555वी वर्षगांठ होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु नानक जी का जन्म साल 1469 में कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था।
प्रकाश पर्व के नाम से क्यों जानी जाती है गुरु नानक जयंती?
गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारों में भजन-कीर्तन और लंगर का आयोजन होता है। इसके अलावा, कुछ दिन पहले से ही प्रभात फेरियां निकलती हैं, जिसमें भक्त सुबह-सुबह भजन गाते हुए लोगों के घरों में जाते हैं। यह एक तरह से गुरु नानक जी के विचारों और उपदेशों का प्रचार करने का तरीका होता है, ताकि सभी को उनके संदेश का ज्ञान हो सके। इसे प्रकाश पर्व इसलिए कहते हैं क्योंकि गुरु नानक जी ने समाज में ज्ञान और सच्चाई का प्रकाश फैलाने का काम किया था। उनके उपदेशों ने लोगों को सही राह दिखाई और जीवन को सच्चाई, ईमानदारी और सेवा की भावना से जीने की सीख दी। कहते हैं जो भी व्यक्ति गुरु नानक देव जी की बातों पर चलता है तो वह सुख शांति के साथ अपना जीवन व्यतीत करता है।
गुरु नानक जयंती महत्व
इस पर्व का असली महत्व गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलना है। उन्होंने जीवनभर समानता, सेवा और प्रेम का संदेश दिया। इस दिन लोग जाति और धर्म के भेदभाव को भूलकर एक-दूसरे के साथ भाईचारा और प्रेम का संकल्प लेते हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।