Diwali 2023 Calendar: जल्द ही शारदीय नवरात्रि शुरू होने वाले हैं। इसके साथ ही कई बड़े-त्योहार आने शुरू हो जाएंगे। नवरात्रि के समापन के साथ दशहरा का पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद नवंबर माह में धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दिवाली, गोवर्धन पूजा से लेकर भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। इस साल हर एक त्योहार काफी शुभ योगों में बन रहा है। आइए जानते हैं सभी व्रत त्योहारों की तिथि।
कब है दशहरा 2023? (Dussehra 2023)
आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि के दिन दशहरा यानी विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है। इस साल दशहरा 24 अक्टूबर 2023 को पड़ रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि 23 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 44 मिनट से शुरू हो रही है, जो 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 14 मिनट पर समाप्त हो रही है। इसके साथ ही 24 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 58 मिनट से दोपहर 2 बजकर 43 मिनट तक शस्त्र पूजा कर सकते हैं।
कब है धनतेरस 2023?(Dhanteras 2023)
हिंदू धर्म में धनतेरस पर्व का विशेष महत्व है। इस दिन सोना-चांदी, कपड़े सहित अन्य चीजों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इस साल त्रयोदशी तिथि 10 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट से शुरू हो रही है, जो 11 नवंबर को दोपहर 01 बजकर 57 मिनट पर समाप्त हो रही है। ऐसे में धनतेरस का त्योहार 10 नवंबर दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन खरीदारी करने के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा करने का विधान है।
कब है नरक चतुर्दशी? (Narak Chaturdashi 2023)
धनतेरस के अगले दिन नरक चतुर्दशी का पर्व मनाया जाता है। इसे छोटी दिवाली, नरक चौदस, काली चौदस जैसे नामों से भी जाना जाता है। इस दिन यमराज की पूजा करने का विधान है। इसके साथ ही इस दिन शाम को दीए जलाने का विधान है। इस दिन सुबह के समय शरीर में तिल का तेल लगाकर अपामार्ग की पत्तियां पानी में डालकर स्नान करने से नरक के भय से मुक्ति मिल जाती है। इस साल नरक चतुर्दशी 12 नवंबर 2023, रविवार को मनाई जा रही है।
कब है दिवाली 2023? (Diwali 2023)
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास की अमावस्या को दीपावली मनाई जा रही है। इस साल कार्तिक अमावस्या 12 नवंबर को दोपहर 02 बजकर 45 मिनट से 13 नवंबर को दोपहर 02 बजकर 56 मिनट तक रहेगी। ऐसे में दीपावली 12 नवंबर, रविवार को मनाई जाएगी। इस दिन लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त रविवार, 12 नवंबर को शाम को 5 बजकर 39 मिनट से रात 8 बजकर 16 मिनट तक रहेगा।
गोवर्धन पूजा 2023? (Govardhan Puja 2023)
दिवाली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। इस पर्व का संबंध भगवान श्री कृष्ण से हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा (Govardhan puja) की जाती है। इसे अन्नकूट के नाम से भी जना जाता है। इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 14 नंवबर को 4 बजकर 18 मिनट से शुरू होगी, जो 15 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 42 मिनट तक है। ऐसे में गोवर्धन पूजा 14 नवंबर को मनाई जाएगी।
कब है भाई दूज 2023? (Bhai Dooj 2023)
रक्षाबंधन की तरह ही भाई-बहन का पवित्र त्योहार भाई दूज भी होता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का पर्व मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस बार शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 14 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट से 15 नवंबर को 1 बजकर 47 मिनट तक है। उदया तिथि के अनुसार भाई दूज 14 नवंबर को मनाई जाएगी।