Chandra Grahan 2025: आज भाद्रपद पूर्णिमा के दिन आसमान में बेहद खास नजारा दिखाई देगा। क्योंकि आज साल का आखिरी चंद्र ग्रहण लगने वाला है। यह पूर्ण ग्रहण होगा और इस दौरान लोग ब्लड मून यानी लाल चांद को देख सकेंगे। खगोल विज्ञान के लिहाज से यह घटना बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि साल 2022 के बाद यह सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। खास बात यह है कि यह देश के ज्यादातर हिस्सों से साफ-साफ दिखाई देगा। आपको बता दें कि आज का यह पूर्ण चंद्रग्रहण बहुत खास होगा क्योंकि इसके बाद अब अगला ऐसा नजारा 31 दिसंबर 2028 को ही देखने को मिलेगा। यानी लोगों को करीब साढ़े तीन साल का इंतजार करना पड़ेगा।
कब और कहां दिखेगा चंद्रग्रहण?
भारतीय समयानुसार यह चंद्रग्रहण रविवार रात 9 बजकर 57 मिनट से शुरू होगा। रात 11 बजकर 1 मिनट पर पूर्ण चंद्रग्रहण का दौर आरंभ होगा, जो 12 बजकर 22 मिनट तक चलेगा। यह ग्रहण दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में साफ नजर आएगा। इसे देखने के लिए लोगों को किसी ऊंची जगह पर जाने की जरूरत नहीं है,क्योंकि यह साफ दिखाई देगा।
सूतक काल का समय
चंद्रग्रहण से ठीक 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है। यानी आज दोपहर से ही सूतक शुरू हो गया है। इस दौरान मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे और ग्रहण मोक्ष के बाद ही खोले जाएंगे। सूतक काल में पूजा-पाठ, भोजन पकाना और नए काम शुरू करना वर्जित माना जाता है। आपको बता दें कि 7 सितंबर 2025 के चंद्र ग्रहण का सूतक दोपहर 12 बजकर 57 मिनट से लग गया है।
क्यों कहा जाता है इसे ब्लड मून?
चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा पृथ्वी की छाया से होकर गुजरता है। इस दौरान सूर्य की रोशनी सीधे उस पर नहीं पड़ती और वातावरण से गुजरकर वह लाल-नारंगी रंग में बदल जाती है। इसी कारण इसे ब्लड मून कहा जाता है। आसमान में यह नजारा बेहद आकर्षक और अद्भुत लगेगा।
चंद्र ग्रहण का स्पर्श और मोक्ष कब?
ग्रहण का मोक्ष यानी अंत रात 1 बजकर 27 मिनट पर होगा और करीब 2 बजकर 25 मिनट पर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। कुल मिलाकर यह ग्रहण करीब 82 मिनट तक चलेगा। बता दें कि चंद्रग्रहण का शुरुआती चरण एक बजकर 26 मिनट से खत्म होना शुरू होगा और दो बजकर 25 मिनट पर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। यानि की आज रात 21:57 चंद्र ग्रहण का स्पर्श होगा और 23:41 बजे मध्य तथा 1:27 बजे मोक्ष हो जाएगा।
यह भी पढ़ें…
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।