Ashadha Amavasya 2023: हिंदू धर्म में आषाढ़ अमावस्या का बहुत अधिक महत्व है। यह दिन पितृों को समर्पित होता है। पंचांग के अनुसार इस साल आषाढ़ अमावस्या 18 जून रविवार को है। आषाढ़ अमावस्या पर पूर्वजों की आत्मा की तृप्ति के लिए अमावस्या पर श्राद्ध की रस्मों को करना उपयुक्त बताया जाता है। साथ ही शास्त्रों के अनुसार आषाढ़ अमावस्या के दिन दान और गंगा स्नान से घर में सुख-शांति और खुशहाली आती है। वहीं ज्योतिष शास्त्रों में इस दिन कुछ ऐसे उपायों का वर्णन मिलता है, जिनको करने से काल सर्प दोष और पितृ दोष से मुक्ति मिल सकती है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…
आषाढ़ अमावस्या 2023 शुभ मुहूर्त
आषाढ़ कृष्ण अमावस्या तिथि का आरंभ : 17 जून, शनिवार, सुबह 09 बजकर 12 मिनट से
आषाढ़ कृष्ण अमावस्या तिथि का अंत: 18 जून, रविवार, सुबह 10 बजकर 05 मिनट पर
स्नान और दान का मुहूर्त: 18 जून, सुबह 07 बजकर 09 मिनट से 12 बजकर 38 मिनट तक
इन उपायों से पितृ दोष से मिल सकती है मुक्ति
1- इस दिन पवित्र नदी में स्नान करें और पितरों के नाम तर्पण करें। साथ ही अगर किसी नदी में स्नान नहीं कर पाएं तो घर पर ही तर्पण कर सकते हैं। तर्पण करने से पितर आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
2- इस दिन पितरों को प्रसन्न करने के लिए जरूरतमंदों को दान करें। आपके अच्छे कर्मों और आपके दान को देखकर पूर्वज आप पर प्रसन्न होते हैं और आपको सुखी और समृद्ध होने का आशीर्वाद देते हैं।
3- पितृ अमावस्या के दिन शाम के समय पितरों के लिए दक्षिण दिशा में चौमुखी तेल का दीपक रखना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि यह दीपक देवलोक छोड़ते समय पितरों के मार्ग को प्रकाशित करता है।
4- वहीं पितृ अमावस्या के दिन मांंस और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि ऐसा करने से पितृ नाराज हो सकते हैं।
कालसर्प दोष से मुक्ति पाने के लिए करें ये उपाय
1-जिन व्यक्तियों की कुंडली में कालसर्प दोष हो तो वो लोग आषाढ़ अमावस्या के दिन भगवान शिव की पूजा करें। साथ ही रुद्राभिषेक भी करें। ऐसा करने से कालसर्प दोष से मुक्ति मिल सकती है।
2- इसके अलावा आप अमावस्या के दिन सुबह स्नान करने के बाद नदी के तट पर नाग और नागिन के जोड़े की पूजा करें। साथ ही पीछे मुंह करके नहीं देखें। ऐसा करने से आपको कालसर्प दोष के अशुभ प्रभाव से मुक्ति मिल सकती है।
3- आषाढ़ अमावस्या के दिन एक सूखा नारियल बहते हुए जल में प्रवाहित करें। ऐसा करने से आपको कालसर्प दोष से मुक्ति मिल सकती है।
