हिंदू धर्म में गुरुवार का दिन बहुत ही शुभ दिन माना जाता है। कहते हैं कि यह दिन देव गुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से लोगों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक विवाह, शिक्षा, धन-दौलत, व्यापार और नौकरी के साथ किसी भी क्षेत्र में शुभ फल पाने के लिए इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। जब भगवान विष्णु प्रसन्न मां लक्ष्मी स्वयं ही अपनी कृपा बरसाती हैं। साथ ही गुरुवार के इन टोटकों की मदद से घर में सुख-समृद्धि आने की भी मान्यता है। जानें विस्तार से –
क्यों जरूरी है पूजा-पाठ: बताया जाता है कि गुरु बृहस्पति बुद्धि दाता हैं। ऐसे में गुरु दोष से मुक्ति पाने के और उनसे बचने के लिए पूरे मन और श्रद्धा के साथ लोगों को इस दिन गुरु बृहस्पति की पूजा करनी चाहिए। ऐसा भी माना जाता है कि इसी ग्रह के योग से लोगों को धन की प्राप्ति हो पाती है। गुरुवार के दिन पीपल के पत्ते में रोली या सिंदूर से ‘ओम श्रीं ह्रीं श्रीं नमः’ लिखकर अपने पर्स में रखने से कभी पैसों को कमी नहीं होती है। ऐसे में जो लोग आर्थिक संकटों से जूझ रहे हैं, उन्हें गुरुवार के दिन खास उपाय करने चाहिए।
केले के पेड़ की पूजा: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुरुवार के दिन केले के पेड़ की पूजा का विधान है। केले के पेड़ पर जल अर्पित करने से लाभ मिलने की मान्यता है। साथ ही, कहा जाता है कि शुद्ध घी का दीया जलाकर गुरु के 108 नामों का उच्चारण करने से धन समृद्धि के लिए भी मार्ग खुलते हैं और शीघ्र विवाह के योग बनते हैं।
केसर और चने की दाल का इस्तेमाल: जानकारों के अनुसार अगर मेहनत के बावजूद भी आपकी किस्मत में धन-संपत्ति के योग नहीं बन पा रहे हैं तो इसका मतलब है कि आपकी कुंडली में गुरु दोष है। ऐसे में लोगों को मंदिर में जाकर हर गुरुवार को श्रीहरि नारायण को केसर और चने की दाल का दान करना शुभ माना जाता है। वहीं, केसर का तिलक लगाना भी आपके लिए असरदार साबित हो सकता है।
किन्नरों को दान दें: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुरुवार के दिन किन्नरों को कुछ न कुछ दान करना चाहिए। बताया जाता है कि इन्हें किसी भी प्रकार की दान-दक्षिणा देने से लोगों की जिंदगी से धन संबंधी परेशानियां दूर हो सकती हैं।
