सदियों से भारतीय संस्कृति में मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल होता आ रहा है। हालांकि पहले की तरह आज के समय में लोग खाने के लिए मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल नहीं करते। लेकिन आज घर की सजावट करने के लिए मिट्टी से बना सामान रखने का चलन बढ़ गया है। वास्तु शास्त्र के अनुसार मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने से आपकी किस्मत चकम सकती है। जानकारों की मानें तो घर में मिट्टी के बर्तन रखना शुभ माना जाता है, इससे की नकारात्मकता दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
वास्तु शास्त्र में मिट्टी से बनीं ऐसी तीन चीजों का जिक्र किया गया है, जिन्हें घर में रखने से शुभ परिणाम मिलते हैं और आपको अपने करियर में भी सफलता हासिल होती है। जानिये कौन-सी हैं वह तीन चीजें-
मिट्टी का घड़ा: वैसे तो मिट्टी के घड़ों की जगह आज फ्रिज ने ले ली है, लेकिन आज भी आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि मिट्टी के घड़े से पानी पीना स्वास्थ्य के लिए बेहद ही फायदेमंद होता है। वास्तु शास्त्र के मुताबिक मिट्टी का घड़ा रखने से घर में सुख-समृद्धि आती है। मिट्टी का घड़ा रखने की सही दशा उत्तर होती है। साथ ही लोगों को इस बात का जरूर ध्यान रखना चाहिए की मिट्टी का घड़ा कभी खाली ना रहे और उसमें हमेशा पानी भरा रहे। मान्यता है कि घर में मिट्टी का घड़ा रखने से नेगेटिविटी दूर होती है।
मिट्टी की प्रतिमाएं: वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मिट्टी से बनीं देवी-देवताओं की प्रतिमा रखना शुभ माना जाता है। इसलिए घर में बनें मंदिर में हमेशा मिट्टी की प्रतिमा रखनी चाहिए। आप घर की उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण या फिर दक्षिण-पश्चिम दिशा में इन प्रतिमाओं को रख सकते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार यह उपाय करने से आपके घर में हमेशा मां लक्ष्मी का वास रहता है और घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है।
मिट्टी का दीपक: वैसे तो वर्तमान समय में पूजा करने के लिए लोग धातु के दीपक का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि वास्तु शास्त्र के मुताबिक पूजा घर में मिट्टी का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।