Hindu Religious Trees: सनातन परंपरा में पेड़-पौधों को सिर्फ प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि दिव्य ऊर्जा के रूप में माना जाता है। हमारे धर्मग्रंथों में कई ऐसे पौधों और वृक्षों का उल्लेख मिलता है, जिनमें देवी-देवताओं का वास बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि इनकी पूजा से घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और ग्रह दोष भी दूर होते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं उन पवित्र पेड़ों के बारे में, जिनका धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व बेहद खास है।
तुलसी का पौधा
तुलसी को हिंदू धर्म में सबसे पवित्र पौधा माना जाता है। माना जाता है कि भगवान विष्णु की पूजा बिना तुलसी के अधूरी रहती है, इसलिए इसे ‘विष्णु प्रिया’ कहा गया है। तुलसी को माता लक्ष्मी का स्वरूप भी माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में तुलसी का पौधा नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकारात्मकता बढ़ाता है।
शमी का पेड़
शमी का पेड़ भी तुलसी की तरह अत्यंत पवित्र माना गया है। इसकी पत्तियां, लकड़ी और जड़ सभी धार्मिक कार्यों में उपयोग होती हैं। शमी की पत्तियों को भगवान शिव, श्री गणेश और शनिदेव पर चढ़ाने से विशेष पुण्य मिलता है। शनि संबंधित दोषों से परेशान लोगों के लिए यह वृक्ष बहुत लाभकारी माना गया है। मान्यता है कि शनिवार के दिन शमी के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाने से कष्ट दूर होते हैं और शनिदेव की कृपा मिलती है।
कदंब का पेड़
कदंब का पेड़ भगवान श्रीकृष्ण से विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। कृष्ण लीला में इस पेड़ का कई बार उल्लेख मिलता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कदंब के वृक्ष के नीचे बैठकर ध्यान या पूजा करने से मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। यह वृक्ष सौभाग्य और धन में वृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
पीपल का पेड़
पीपल को सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र और चमत्कारी माना जाता है। श्रीकृष्ण ने स्वयं गीता में कहा है कि वे सभी वृक्षों में पीपल हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसकी जड़, तना और शीर्ष में ब्रह्मा, विष्णु और शिव का वास माना गया है। मान्यता है कि पीपल की पूजा से पितरों की कृपा मिलती है और ग्रह दोष दूर होते हैं।
केले का पेड़
केले का पेड़ भी धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना गया है। विष्णु भगवान की पूजा में केले के पत्तों और पेड़ का खास महत्व है। माना जाता है कि गुरुवार के दिन केले की पूजा करने से विष्णु और देवगुरु बृहस्पति की कृपा मिलती है। जिन लोगों के विवाह में बाधा आती है, उन्हें प्रतिदिन केले के पेड़ की पूजा करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
