महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पिछले हफ्ते 20 वर्षीय लड़की यशश्री शिंदे की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। मुख्य आरोपी दाऊद शेख को कर्नाटक के गुलबर्गा जिले से गिरफ्तार किया गया है। पहले यशश्री शिंदे के लापता होने की सूचना मिली थी और उसका शव शनिवार को नवी मुंबई के उरण में एक रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला था।
बेरहमी से की गई यशश्री शिंदे की हत्या
अधिकारियों के मुताबिक, शव पर चोट और चाकू के कई निशान हैं, जिससे पता चलता है कि उसकी बहुत बेरहमी से हत्या की गई है। एक अधिकारी ने कहा, “हमारी प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि महिला की हत्या प्रेम संबंध मामले को लेकर की गई थी। लड़की का प्रेमी भी लड़की के साथ लापता हो गया था और अभी तक नहीं मिला है। वह पहला संदिग्ध है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। लड़के का पता लगाने के लिए टीमें गठित की गई हैं।”
यशश्री शिंदे उरण की रहने वाली थी और करीब 25 किलोमीटर दूर बेलापुर में काम करती थी। इससे पहले कर्नाटक के मोहसिन नाम के एक व्यक्ति को नवी मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस को फोन कॉल डिटेल से जानकारी मिली कि वह लगातार यशश्री के संपर्क में था। मुख्य आरोपी से उसके संबंध की जांच की जा रही है। मोहसिन को आगे की पूछताछ के लिए आज उरण लाए जाने की संभावना है।
गलत वायरिंग के कारण हुई थी UPSC अभ्यर्थी की मौत, मजिस्ट्रेट जांच से बड़ा खुलासा
जब 25 जुलाई को यशश्री शिंदे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए खोजबीन शुरू की। पुलिस के कहने पर परिजन एक पेट्रोल पंप के पास गए, जहां एक लड़की का शव बेहद दयनीय स्थिति में पड़ा हुआ था। लड़की का चेहरा पूरी तरह से खराब हो गया था। बाद में कपड़ों और लड़की के शरीर को देखकर परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह उनकी बेटी है।
पीजी में गर्लफ्रेंड के दोस्त की हत्या
बता दें कि कुछ दिन पहले ही बेंगलुरू में पीजी आवास में बिहार की 24 वर्षीय युवती की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। आरोपी अभिषेक की पहचान पीड़िता के पीजी रूममेट के पूर्व प्रेमी के रूप में हुई है। वह बिहार का रहने वाला है। ये मामला भी प्रेम संबंध का बताया जा रहा था।