Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ फिलहाल कुश्ती का अखाड़ा बना हुआ है। महिला पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह (WFI President Brijbhushan S Singh) पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं ब्रजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan S Singh) ने इन आरोपों पर अपनी सफाई दी है, लेकिन इन्हीं सब के बीच उत्तर प्रदेश के मेरठ की महिला पहलवानों ने इस मसले पर अपनी बात रखी है।

मेरठ के पहलवानों में इंटरनेशल रेसलर दिव्यांशी त्यागी ने WFI के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों का बचाव किया है। त्यागी ने कहा कि WFI के अध्यक्ष के बारे में जो भी बात कही जा रही है, वो बिल्कुल गलत है। सिंह ने कुश्ती को एक अच्छे मुकाम पर पहुंचाया है। उन्हीं की वजह से कुश्ती के पहलवानों को बाहर जाने का मौका मिल रहा है। त्यागी ने कहा कि जो खिलाड़ी जतंर-मंतर पर धरना दे रहे हैं, ऐसा उनको नहीं करना चाहिए, क्योंकि उनको देखकर लोग प्रेरित होते हैं।

प्रदर्शन करने वाले पहलवान फेडरेशन के नियमों को फॉलो नहीं करना चाहते: दिव्यांशी त्यागी

त्यागी ने कहा कि जो नियम-कायदे-कानून बनाए गए हैं। ये पहलवान इन नियमों को फॉलो नहीं करना चाहते हैं। इस पूरे धरना-प्रदर्शन के पीछे की पूरी वजह यही है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन ने जो नियम बनाए हैं, वो सभी खिलाडियों के हित के लिए ही बनाए गए हैं।

ब्रजभूषण सिंह पर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित: शीतल तोमर

इंटरनेशनल खिलाड़ी शीतल तोमर ने कहा कि जो कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। तोमर ने कहा कि मैं भी लगातार कैंप कर रही हूं, लेकिन मैंने कभी किसी लड़की के मुंह से ब्रजभूषण शरण सिंह के बारे में कुछ गलत नहीं सुना। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के पीछे कोई राजनीति हो सकती है।

इन आरोपों से कुश्ती पर काफी असर पड़ेगा: दिव्या तोमर

दिव्या तोमर जोकि एक इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं। उनका मानना है कि ब्रजभूषण शरण सिंह को उनके पद से हटाने की साजिश रची जा रही है। खिलाड़ी सोनम सिंह का कहना है कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले वक्त में कुश्ती पर काफी असर पड़ेगा।

वहीं, खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप झेल रहे भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। संभावना जताई जा रही है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बृजभूषण आरोपों को लेकर बड़ा खुलासा कर सकते हैं।