Written by Varinder Bhatia

Wrestlers Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी के लिए हरियाणा में मुश्किलें खड़ी होती दिख रही है। भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय पहलवानों ने मोर्चा खोला हुआ है। इस दौरान भाजपा को हरियाणा में झटके का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा की सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने मांग की है कि सरकार पहलवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखे। वहीं राज्य की खाप पंचायतें पहले ही पहलवानों के समर्थन में उतर आई हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने दीपेंद्र हुड्डा पर लगाया ‘पहलवानों को भड़काने’ का आरोप

कैसरगंज के सांसद और उत्तर प्रदेश के गोंडा से कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों के आरोपों को लेकर इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर पहलवानों को भड़काने का आरोप लगाया है। बृजभूषण शरण सिंह ने इस प्रदर्शन की तुलना “शाहीन बाग के धरने” से की है। नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर भाजपा सांसद के खिलाफ विरोध करने वाले अधिकतर पहलवान हरियाणा से हैं। जिनमें ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया, रवि दहिया और साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट शामिल हैं।

हरियाणा में मुश्किल में दिखाई दे रही है भाजपा

पहलवानों के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस ही नहीं बल्कि भाजपा सहयोगी जननायक जनता पार्टी (JJP) ने भी भाजपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया है और युवाओं से “न्याय मिलने तक” पहलवानों के समर्थन में आने का आग्रह किया है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय चौटाला ने गुरुवार को कहा कि कुश्ती महासंघ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे ज्यादातर खिलाड़ी हरियाणा से हैं। जेजेपी खिलाड़ियों के साथ खड़ी है। खेल मंत्रालय इस पर विचार कर रहा है। जब तक केंद्र सरकार या खेल मंत्रालय कोई अंतिम फैसला नहीं ले लेता, तब तक मेरे लिए कुछ भी कहना अप्रासंगिक है। लेकिन मेरा मानना है कि कुश्ती में हरियाणा देश का प्रतिनिधित्व करता है। आज अगर आठ खिलाड़ी कुश्ती में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो सात हरियाणा के हैं। और जब उनके द्वारा कोई मुद्दा उठाया गया है, तो केंद्र सरकार को निश्चित रूप से इसकी गंभीरता से जांच करानी चाहिए।”