UP BJP News: भारतीय जनता पार्टी ने यूपी में नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए चुनाव कार्यक्रम 2025 की घोषणा कर दी है। बीजेपी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 को दोपहर दो से तीन बजे के बीच यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया जा सकेगा। नामांकन बीजेपी के लखनऊ प्रदेश कार्यालय पर होंगे।
पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर तीन से शाम चार बजे के बीच नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद इसी दिन शाम चार से पांच बजे के बीच नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। नए प्रदेश अध्यक्ष के जरूरत पड़ने पर अगले दिन रविवार 14 दिसंबर 2025 को दोपहर एक बजे मतदान प्रक्रिया करवाई जाएगी। अगर नहीं तो एक बजे नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।
बीजेपी उत्तर प्रदेश द्वारा X पर दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में पांच लोकसभा सांसद, आठ विधान परिषद सदस्य, 26 विधानसभा सदस्य और 425 जिलाध्यक्ष / प्रदेश प्रांतीय परिषद सदस्य वोट डालने के पात्र हैं।
देखिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची
कौन बनेगा यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष? इन सात नामों की हो रही चर्चा
भाजपा उत्तर प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में सात नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। सबसे मजबूत दावेदारों में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम प्रमुख है, जिन्हें संगठन और केंद्र में काम का लंबा अनुभव है। इनके अलावा केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी रेस में हैं, जिन्हें पूर्वांचल के मजबूत कुर्मी नेता के रूप में देखा जाता है।
साध्वी निरंजन ज्योति का नाम अति पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व के लिहाज से चर्चा में है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह फिर से रेस में लौटे हैं और ओबीसी चेहरे के तौर पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वहीं मंत्री धर्मपाल सिंह, ब्राह्मण प्रतिनिधित्व को लेकर दिनेश शर्मा और संगठनात्मक अनुभव की वजह से अमरपाल मौर्य भी दावेदार माने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बीजेपी को कब मिलेगा अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष?
