Who Is Nawab Singh Yadav: कन्नौज से समाजवादी पार्टी के नेता नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया है। उसके ऊपर नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोप लगा है। डायल 112 पर मिली जानकारी के बाद कॉलेज के रूम में पहुंचकर पुलिस ने नवाब को धर दबोचा। समाजवादी पार्टी ने भी अब उससे अपना पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी ने कहा कि वह किसी भी तरह से समाजवादी पार्टी का सदस्य नहीं है। आइए अब जानते हैं कि आखिर ये नवाब सिंह यादव कौन है।
नवाब सिंह यादव कन्नौज जिले के कटरी के अंडगापुर गावं से संबंध रखता हैं। राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से ही की। साल 1997 में वह सपा के छात्र संगठन लोहिया वाहिनी के साथ में आया। पार्टी ने उन्हें उस समय लोहिया वाहिनी का जिलाध्यक्ष भी बना दिया था। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने साल 1999 में पहली बार अपना चुनाव कन्नौज से ही लड़ा। इसके बाद नवाब उनके संपर्क में आया।
2006 में ब्लॉक प्रमुख बना नवाब सिंह
लोहिया वाहिनी का जिलाध्यक्ष होने के नाते उन्होंने जमीनी स्तर पर अपनी काफी अहम भूमिका निभाई। 2006 में नवाब सिंह ब्लॉक प्रमुख के तौर पर चुने गए। जब 2007 में मायावती सीएम की कुर्सी पर काबिज हुईं तो नवाब के खिलाफ कई सारे केस दर्ज किए गए। 2012 में जब अखिलेश यादव ने सीएम की कुर्सी संभाली तो नवाब का राज शुरू हो गया था।
साल 2012 में डिंपल यादव सांसद चुनी गईं थी। कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को खड़ा ही नहीं किया था। बीजेपी के उम्मीदवार आखिर तक अपना नॉमिनेशन फाइल नहीं कर पाए थे। नवाब सिंह की उस समय भी काफी अहम भूमिका मानी गई थी। नवाब साल 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन अखिलेश यादव ने उसे टिकट ही नहीं दिया।
समाजवादी पार्टी ने झाड़ा पल्ला
नवाब सिंह यादव पर नाबालिग लड़की से रेप का आरोप लगने के बाद में उसे अरेस्ट किया गया है। अब उसके साथ संबंध पर समाजवादी पार्टी ने भी अपना पल्ला झाड़ लिया है। सपा के कन्नौज जिला अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि वह किसी भी तरह से समाजवादी पार्टी का सदस्य नहीं है। वह करीब पांच साल से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल था औ वह पार्टी का सक्रिय सदस्य नहीं है।