हरियाणा में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। राज्य में पार्टी की इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अशोक तंवर ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। अशोक तंवर ने राज्य के वर्तमान सियासी हालातों को अपने इस्तीफे की वजह बताया। कहा जा रहा है अशोक तंवर शनिवार को बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
अशोक तंवर ने इस्तीफा ऐसे समय में दिया है, जब लोकसभा चुनाव नजदीक हैं और पार्टी राज्य में कई समस्याओं का सामना कर रही है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव के कुछ समय बाद विधानसभा का भी चुनाव होना है।
आप नेता अशोक तंवर ने अरविंद केजरीवाल के नाम अपने पत्र में कहा, ”वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और कांग्रेस के साथ आपके जुड़ाव को देखते हुए, मेरी नैतिकता मुझे चुनाव अभियान समिति, आम आदमी पार्टी, हरियाणा के अध्यक्ष के रूप में बने रहने की अनुमति नहीं देगी। इसलिए, कृपया आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य सभी जिम्मेदारियों से मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।”
अशोक तंवर ने अपने पत्र में आगे कहा, ”देश का जिम्मेदार नागरिक और राजनीति में छात्र जीवन से एक्टिव होने के नेता, मेरा हमेशा से मानना रहा है कि संविधान, देश औऱ इसके लोग सबसे पहले आते हैं। मैं हरियाणा और अपने प्यारे देश भारत व इसके लोगों की भलाई के लिए काम करता रहूंगा।”
अशोक तंवर से पहले निर्मल सिंह ने छोड़ी आप
आपको बता दें कि अशोक तंवर से पहले पार्टी के नेता निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। दोनों नेता पहले कांग्रेस में ही थे। अशोक तंवर के करीबियों ने पहले ही इशारा किया था कि वो नाराज है और आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। अशोक तंवर के करीबी जगबीर जोगनाखेड़ा पहले ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं।