पंजाब कई सालों बाद भयंकर बाढ़ का सामना कर रहा है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है, हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। पंजाब सरकार ने राज्य के सभी 23 जिलों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया है।

पंजाब एक ऐसा राज्य रहा है जिसने समय-समय पर बाढ़ की मार देखी है। लगातार आ रहीं इन बाढ़ की वजह से खेती पर असर पड़ा है, कई लोगों की जान गई है और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी भारी नुकसान हुआ है। यहां जानने की कोशिश करते हैं की आजादी के बाद पंजाब में कब-कब बाढ़ आई है और उससे कितना नुकसान हुआ है।

पंजाब में 1955 में आई बाढ़

पंजाब में सबसे पहली बार 1955 में बाढ़ आई थी। उस समय घागर और सतलुज नदी उफान पर थी और इस वजह से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी। पंजाब के मालवा क्षेत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा था।

पंजाब में 1978 में आई बाढ़

1978 में भी पंजाब में सतलुज नदी की वजह से ही बाढ़ आई थी। इसके अलावा भाखड़ा डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने की वजह से भी कई जिले प्रभावित हुए थे। उस साल लुधियाना, फिरोजपुर और कपूरथला जैसे जिलों में भारी नुकसान देखने को मिला था।

पंजाब में 1988 में आई बाढ़

1988 की बात करें तो तब पंजाब में सबसे खराब बाढ़ देखने को मिली थी। उस प्राकृतिक आपदा में 600 के करीब लोगों की मौत हुई और 34 लाख लोग इससे प्रभावित हुए। उस साल 9000 के करीब गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए थे, हजारों हेक्टेयर की खेती वाली जमीन बर्बाद हुई थी। उस साल अकेले चार दिनों में 634 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।

पंजाब में 1993 में आई बाढ़

1993 में भी पंजाब ने मौसम की भयानक मार देखी थी। उस साल फिर सतलुज, रावि और घाघरा नदी उफान पर थी। जुलाई महीने में भारी बरसात और बाढ़ की वजह से पंजाब के ऊपरी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड भी हुआ था। उस साल अकेले पंजाब में करीब 350 से 550 के करीब लोगों की जान गई, वही 12 लाख एकड़ के करीब खेती वाली जमीन भी बर्बाद हो गई। उस बाढ़ की वजह से रेल और सड़क मार्ग को भी भारी नुकसान हुआ था।

पंजाब में 2019 में आई बाढ़

साल 2019 में भी पंजाब में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। उस साल रोपड़, फिरोजपुर और जालंधर जैसे जिलों के करीब 300 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए थे, 1.7 लाख एकड़ वाली खेती की जमीन भी प्रभावित हो गई थी।

पंजाब में 2025 में आई बाढ़

अब इस साल फिर पंजाब भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है, कई जिले पूरी तरह बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ के जवान लगातार बोट के जरिए दूर दराज वाले इलाकों से लोगों का रेस्क्यू कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- LIVE: पंजाब में बाढ़ से हाहाकार