मुंबई ने देश में सबसे अधिक भुलक्कड़ शहरों का खिताब अपने नाम किया है। वहीं दिल्ली एनसीआर इस लिस्ट में दूसरे नम्बर पर है। जबकि लखनऊ और कोलकाता भी इस लिस्ट में अधिक पीछे नहीं हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल भारत में उबर कैब में छूटे हुए सामानों की सूची में फोन, इयरफोन, पर्स और अन्य सामान सबसे अधिक थे।
‘लॉस्ट एंड फाउंड इंडेक्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, जिसे उबर जारी करता है, ने बताया कि सामान्य चीजों को भूलने के अलावा, लोग घेवर, बांसुरी, आधार कार्ड, डंबल, बाइक हैंडल, क्रिकेट बैट, स्पाइक गार्ड और कॉलेज प्रमाणपत्र जैसी चीजें भी कैब में छोड़ जाते हैं। उबेर ने अपने लॉस्ट एंड फाउंड इंडेक्स का 2022 संस्करण जारी किया, जो सबसे अधिक बार भूली जाने वाली वस्तुओं का एक स्नैपशॉट है। सबसे अधिक भुलक्कड़ शहर के साथ ही साथ सप्ताह के दिन और वर्ष का समय भी रिपोर्ट में है , जब उबर सवार सबसे अधिक अपना सामान भूलते हैं।
कंपनी के सेंट्रल ऑपरेशन के निदेशक नीतीश भूषण ने बताया, “हम पाते हैं कि किसी आइटम को खोना तनावपूर्ण हो सकता है। लेकिन जब आप उबेर में होते हैं, तो आपके पास हमेशा ट्रेस करने का विकल्प होता है ताकि आप अपने सामान को पुनः प्राप्त करने का प्रयास कर सकें। यह वार्षिक सर्वेक्षण हमारे सवारियों को याद दिलाने का एक मजेदार और सूचनात्मक तरीका है कि ऐप में खोए हुए आइटम के लिए पुनर्प्राप्ति अनुरोध उठाना कितना आसान है।”
भुलक्कड़ शहरों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश की राजधानी तीसरे नंबर पर है तो वहीं पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता चौथे नंबर पर है। बता दें कि 17 मार्च, 24 मार्च, 25 मार्च, 30 मार्च और 31 मार्च को लोग सबसे अधिक सामान अपना कैब में भूलते हैं। वहीं सबसे ज्यादा सामान भूलने का मामला दोपहर एक से तीन बजे के बीच रिपोर्ट किया जाता है।
बता दें कि इससे पहले फरवरी महीने में रहने के हिसाब से दुनिया के सबसे भीड़-भाड़ वाले शहरों में मुंबई पहले नंबर पर आया था। दुनिया के 58 देशों के 404 शहरों को इसमें शामिल किया गया था। वहीं वर्ष 2021 में मुंबई दुनिया का पांचवां और भारत का सबसे अधिक भीड़-भाड़ वाला शहर था।
