पश्चिम बंगाल में एक मौलवी को पुलिस ने नाबालिग लड़की से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मौलवी मस्जिद के भीतर उसके साथ जबर्दस्ती कर रहा था। पीड़िता के विरोध करने पर भी वह अपनी हरकत से बाज न आया। ऐसे में उसने हल्ला मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों को मौलवी की काली करतूत के बारे में मालूम पड़ा। लोगों ने फौरन पुलिस को बुलाया और रंगे हाथों उसे धरने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
हैरत की बात है कि इस प्रकार की घटना तब सामने आई है, जब मुसलमानों का पाक महीना रमजान चल रहा है। यह मामला बर्धमान शहर से जुड़ा है। सोमवार (चार जून) को यहां रहने वाली महिला, बेटी को लेकर मौलवी से मिलने भांगा मस्जिद आई थी। चूंकि मौलवी खुद को झाड़-फूंक करने में माहिर बताता था, लिहाजा महिला उसके झांसे में आकर बेटी का इलाज कराने आई थी।
मौलवी इसके बाद उसकी बेटी को दूसरे कमरे में अकेले ले गया और वहां उसके साथ जबर्दस्ती करने लगा। लड़की ने जब घटना का विरोध किया, तो वह नहीं माना। पीड़िता इसके बाद जोर-जोर से चिल्लाने लगी और उसकी सुनकर कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। भीड़ ने फौरन उस मौलवी को पकड़ा और पुलिस बुलाई।
मामले की जानकारी पर पुलिस ने आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की शिनाख्त बदरुद्दीन शेख के रूप में की गई है। पूछताछ में उसने कबूला है कि वह उसी मस्जिद में काम करता था। पुलिस जब उसे थाने ले जा रही थी, तब कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया था। वीडियो क्लिप के अनुसार, आरोपी की उम्र 20-25 साल के आसपास होगी। घटना के बाद की वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई है। पुलिस उससे पूछताछ के साथ मामले की जांच कर रही है।