पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के करीब होने के साथ-साथ राजनीतिक दलों में हिंसक झड़पों के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं।राज्य के हुगली जिले के खानकुल क्षेत्र में शनिवार को एक तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। दरअसल, 74वें स्वतंत्रता दिवल के मौके पर तिरंगा फहराने को लेकर हुए विवाद में एक 40 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता को कथित तौर पर पीट पीटकर हत्या कर दी गई।

भाजपा कार्यकर्ता की मौत के खिलाफ विरोध करते हुए, बंगाल भाजपा ने इस घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए इलाके में 12 घंटे के बंद का ऐलान किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उनके कार्यकर्ता की हत्या TMC द्वारा की गई है। वहीं टीएमसी ने इस आरोप को नकार दिया और  इसे भाजपा के आंतरिक झगड़े का नतीजा बताया। मृतक की पहचान सुदर्शन प्रमाणिक के रूप में हुई है।

इस मामले में एसपी तथागत बसु ने कहा कि खानकुल में हिंसा की घटना सामने आई है और एक शख्स की हत्या हुई है। इस मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक झंडा फहराने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। दोनों में एक ही जगह पर झंडा फहराने को लेकर विवाद हुआ। इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हालांकि पुलिस ने झड़प में शामिल लोगों की राजनीतिक संबद्धता पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ता खानकुल में झंडा फहराने के लिए इकट्ठा हुए थे। इस पर दूसरे गुट के लोगों ने उन्हें वहां झंडा फहराने से रोका इसी बात को लेकर दोनों के बीच पथराव हुआ।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि ” वे बीजेपी को इस तरह नहीं रोक सकते। हम इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हम इस अपराध के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। वहीं टीएमसी ने इसे आंतरिक झगड़ा बताया है।