Weather Update Bihar-Assam Flood: देश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई हिस्से भयंकर बाढ़ की चपेट में हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई, जहां सैकड़ों असहाय लोगों को एक ट्रेन और अन्य स्थानों से बचाया गया, जबकि असम और बिहार में स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां अब तक 214 लोगों की जान जा चुकी है। बारिश ने राजस्थान में भी तबाही मचाई है, जहां पिछले दो दिनों में बारिश संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के बाद छत गिरने से एक लड़की की मौत हो गई। दिल्ली में 5.25 मिलीमीटर बारिश हुई और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32.5 और 25.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने रविवार को बारिश का अनुमान जताया है।

महाराष्ट्र में बारिश का कहर: शनिवार को कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार सभी 1,050 यात्रियों को शनिवार को बचा लिया गया। एनडीआरएफ, नौसेना, वायुसेना, सेना, रेलवे और राज्य प्रशासन की टीमों ने यात्रियों को बचाने अभियान चलाया। बीएमसी के अनुसार पिछले 24 घंटे में सुबह आठ बजे तक मुम्बई में 97.3 मिमी बारिश हुई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगर में इस दौरान क्रमश: 163 मिमी और 132 मिमी बारिश हुई। रत्नागिरी जिले में जगबुड़ी नदी में बाढ़ के कारण मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार सुबह से यातायात के लिए बंद रहा। भारी बारिश के कारण शनिवार को आसपास के हवाई अड्डों पर आने वाली 11 उड़ानों को रद्द कर दिया गया और आने वाले नौ विमानों के मार्ग को बदल दिया गया।

National Hindi News 28 July 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

बिहार में बाढ़: बिहार की स्थिति बहुत गंभीर होती जा रही है, जहां 1253 पंचायतों के 85.60 लाख लोगों बाढ़ की चपेट में है। राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है। जलप्रलय से प्रभावित 13 जिलों में, सीतामढ़ी और मधुबनी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, जहां क्रमश: 37 और 30 मौतें हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रखंडों की संख्या भी बढ़कर 111 हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।

असम में बाढ़ से हालात खराब: असम में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 81 हो गई है। एक अधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन अधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि बारपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 81 हो गई है।

राजस्थान में भी बारिश से कोहराम: राज्य के पूर्वी व पश्चिमी भाग में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। लगातार तीन दिन से चल रही बारिश से राज्य की कई मौसमी नदियों में पानी आ गया तो अनेक तालाब लबालब हो गए हैं। इस दौरान करीब दो दिनों के अंदर 13 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को सबसे अधिक बारिश जयपुर शहर व इसके पास चाकसू में दर्ज की गयी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अभी जारी रहेगा और अगले चौबीस घंटे में भी राज्य के अनेक भागों में भारी या बहुत भारी बारिश हो सकती है।