अंजलि मरार

‘वॉटर मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से मशहूर पर्यावरणविद् और जलसंरक्षणवादी राजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उन पर गंगा को पहले से भी अधिक प्रदूषित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ‘‘नमामि गंगे परियोजना’ के तहत गंगा का महज सौंदर्यीकरण करने कोशिश की गई है। गंगा आज पहले की तुलना में अधिक प्रदूषित है। नमामि गंगे जैसी परियोजनाएं नदी की सफाई या नदी से प्रदूषित तत्व निकालने की बजाय केवल नदी के आसपास के सौंदर्यीकरण तक ही सीमित रह गई हैं।’’

देश में 90% से अधिक छोटी नदियां सूखीं : राजेंद्र सिंह ने बताया कि देश में 16 राज्यों में 352 से भी अधिक जिले सूखे का सामना कर रहे हैं। ये राज्य केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र आदि हैं। देश में 90 प्रतिशत से ज्यादा छोटी नदियां सूख चुकी हैं, जिसके कारण कई इलाकों में पानी का संकट बना हुआ है।

National Hindi News, 9 April 2019 LIVE Updates: एक क्लिक पर पढ़ें दिनभर की हर खबर

राजनीतिक पार्टियों को केवल सत्ता में दिलचस्पीः देश की राजनीतिक पार्टियों पर आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, ‘‘ये पार्टियां लोगों के सामने आने वाली वास्तविक समस्याओं को दूर करने की जगह सिर्फ सत्ता में आने की इच्छुक रहती हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि अगर वे सत्ता में आते हैं तो हवा की गुणवत्ता से संबंधित मुद्दे को सुलझाने के लिए कदम उठाएंगे। राजनीतिक पार्टियों को अभी पर्यावरण के महत्व का एहसास नहीं है। कोई भी राजनीतिक पार्टी जल, पर्यावरण या वायु गुणवत्ता से संबंधी मुद्दों को गंभीर मुद्दा नहीं मानती है।’’

लोगों से की अपीलः राजेंद्र सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा, ‘‘वे उन्हीं नेताओं को वोट दें, जो देश में जल संसाधनों और नदियों की स्थिति में बदलाव लाएंगे। ऐसे लोगों को कभी वोट न दें, जो भारतीय समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटते हैं। राजनीतिक पार्टियों द्वारा देश में विरोधी पार्टियों को हराने और ‘झूठ फैलाने के सिलसिले’ को समाप्त किया जाना चाहिए।’’

सत्यमेव जयते नहीं, अब झूठमेव जयते : सिंह ने कहा ‘सत्यमेव जयते ‘का अनुसरण करने वाला भारत अब’ झूठमेव जयते ‘बन गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीतिक पार्टियों के नेता अब झूठ नहीं फैलाएंगे, धमकी नहीं देंगे और अपने ओहदे का गलत इस्तेमाल नहीं करेंगे। वहीं, लोग उसी नेता को वोट देंगे, जो देश में सभी लोगों को एकजुट करेंगे।