आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू गुरुवार शाम बाल-बाल बच गए। सीएम जब बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए विजयवाड़ा में बुडामेरू रेलवे पुल पर चल रहे थे तभी एक ट्रेन उनके पीछे से गुजर गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था।

बाढ़ की स्थिति का मुआयना लेने के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बुडामेरू नदी के तटबंधों की दरारों को भरने के लिए सैन्य दल को बुलाया जा रहा है। विजयवाड़ा में एनटीआर जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चंद्रबाबू ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को आपदा के बारे में अवगत करा दिया गया है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान चौहान भी उनके साथ मौजूद थे।

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। चंद्रबाबू ने कहा, ‘‘तटबंधों की दरारों को भरने के लिए सेना भी पहुंच रही है। हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री के अनुसार, विजयवाड़ा में भयंकर बारिश और बाढ़ के बाद स्थिति का विश्लेषण करने के लिए एक तकनीकी टीम पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण कई घर तबाह हो गए हैं और वाहन, घरेलू उपकरण और कई अन्य चीजों को भी नुकसान पहुंचा है।

सीएम ने यह भी बताया कि प्रकाशम बैराज की क्षमता को बढ़ाने की जरूरत है ताकि यह 15 लाख क्यूसेक पानी को संभाल सके। अभी इसकी क्षमता केवल 11.9 लाख क्यूसेक पानी की है। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति खराब है और उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी। उन्होंने बताया कि एक बार में 400 मिलीमीटर बारिश होना एक बड़ी आपदा है लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकारी तंत्र द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

शिवराज सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों में भोजन पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किए जाने के कदम की भी सराहना की और कहा कि बुडामेरू के तटबंधों में दरारों को भरने के लिए सैन्य दल के जल्द ही आने की उम्मीद है। चौहान ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल के दौरान बुडामेरू के पास अवैध खनन हुआ और दावा किया कि आपदा में इसकी बड़ी भूमिका रही। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार दक्षिणी राज्य को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।

इससे पहले शिवराज सिंह ने विजयवाड़ा और उसके आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया था। इस दौरान उन्होंने जक्कमपुडी मिल्क फैक्टरी, कंद्रिगा, अजित सिंह नगर, अंबापुरम और अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वे किया। उनके साथ हेलीकॉप्टर में आंध्र प्रदेश के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश भी थे। केंद्रीय मंत्री ने प्रकाशम बैराज का भी जायजा लिया जहां हाल में तीन बड़ी नौकाएं बैराज से टकरा गई थीं जिससे कंक्रीट बीम क्षतिग्रस्त हो गया था।

(इनपुट भाषा)