Punjab News: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) के सहयोगी भारतिंदर सिंह (Bharat Inder Singh Chahal) के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही पंजाब विजीलैंस ब्यूरो की एक टीम सोमवार को पटियाला-सरहिंद रोड स्थित उनके अलकजार मैरिज पैलेस में संपत्ति की जानकारी जुटाने पहुंची है।

भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में चहल के खिलाफ औपचारिक जांच शुरू कर दी है। एजेंसी के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया है कि एजेंसी उनकी संपत्ति के कीमत का पता लगा रही है क्योंकि भारतिंदर सिंह चहल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री के सलाहकार रहते हुए अनुचित तरीकों से संपत्ति अर्जित की थी। भारतिंदर सिंह कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में मीडिया सलहकार थे। वह इस जुलाई में कैप्टन अमरिंदर के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

घर पर पहले ही हो चुकी है छानबीन

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रहे भारतिंदर सिंह (Bharat Inder Singh Chahal) के घर पर पहले ही पंजाब विजीलैंस ब्यूरो की टीम छानबीन कर चुकी है। छानबीन के दौरान भारतिंदर सिंह (Bharat Inder Singh Chahal) घर पर मौजूद नहीं थे। उन्हें जांच टीम के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया गया था।

2007 में चहल को शिरोमणि अकाली दल-भाजपा शासन के दौरान भ्रष्टाचार के लिए बुक किया गया था। उस वक़्त भी उन्हें जांच से गुजरना पड़ा था। हालांकि 2016 में उन्हें इस मामले में बरी कर दिया गया था क्योंकि सभी 77 सरकारी गवाह मुकर गए थे। बाद में यह एक चुनावी मुद्दा बन गया था। कहा गया था कि बादल और कप्तान ने समझौता कर लिया है।

कई अन्य नेताओं की भी जांच जारी

भारतिंदर सिंह (Bharat Inder Singh Chahal) के अलावा विजिलेंस लगातार पंजाब में नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, भारत भूषण आशु और ब्रह्म मोहिंदरा के नाम शामिल हैं। ऐसा में चर्चा है कि इसी कड़ी में अब कैप्टन के बेहद करीबी भरतइंद्र सिंह चहल के घर पर विजिलेंस ने दबिश दी है।