उत्तर प्रदेश के पीलीभीत (Pilibhit) से भाजपा (BJP) के सांसद वरुण गांधी (Varun Gandhi) ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की तारीफ की है। इन दिनों वरुण गांधी लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान देते दिखाई दे रहे हैं वहीं कांग्रेस को लेकर भी वरुण गांधी ने अपना रुख नरम किया है। भाजपा सांसद ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए पीलीभीत में कहा कि उन्होने बड़ा मन दिखाते हुए हमारी मदद की थी।

अखिलेश से जुड़ा किस्सा सुना की तारीफ

वरुण गांधी ने पीलीभीत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि मैंने पूरा उत्तर प्रदेश घूमा है क्योंकि मैं अक्सर अखबरों में लेख लिखते रहता हूं। आपने पढ़े भी होंगे। मैंने एक दिन सोचा कि वो कौन से आर्थिक मानक हैं। जिसके तहत एक किसान या फिर आम आदमी आ जाए। आखिर क्यों वो आत्महत्या करने पर मजबूर होता है। उस समय शायद अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। मैंने उनको एक चिट्ठी लिखी थी। मैंने कहा था कि मान्यवर इसमें कोई राजनीति नहीं है। जिसके बाद अखिलेश यादव ने बड़ा मन दिखाया था।

अखिलेश ने सुनी वरुण की बात

वरुण गांधी ने किस्से को जारी रखते हुए कहा कि  मैंने चिट्ठी में आगे लिखा कि अगर मुझे प्रशासन से जानकारी मिल जाए कि पूरे उत्तर प्रदेश में कितने लोग हर जिले में इस मानक के अंतर्गत आएं। उन्होंने (अखिलेश यादव) बड़ा मन दिखाकर सारे अधिकारियों को बोला कि इसमें कोई राजनीति नहीं है। इनकी मदद करिए, ये कुछ करना चाहते हैं। जिसके बाद हमने करीब 42 हजार लोगों की सूची पाई। उसके बाद मैंने सोचा कि इतना बड़ा काम शायद मैं अकेले नहीं कर पाऊंगा। तब मैंने सोचा कि ये काम कैसे हमलोग करत सकते हैं।

वरुण गांधी की सपा के करीब होने की अटकलें तेज

वरुण गांधी इन दिनों अपनी पार्टी भाजपा से खासे खुश नजर नहीं आ रहे हैं। पिछले दिनों महंगाई से जुड़ा उनका एक बयान सामने आया था। जिसमें वह अपनी ही पार्टी को आड़े हाथ लेते नजर आ रहे थे।

पीलीभीत में अखिलेश यादव को लेकर दिए उनके इस बयान के बाद सियासी अटकलें तेज हो गयी हैं। और इसे उनकी सपा से बढ़ती नज़दीकियों की तरह भी देखा जा रहा है।