वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मदन कौशिक को शुक्रवार को उत्तराखंड भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की जगह लेंगे।
भाजपा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी महासचिव अरूण सिंह ने कहा, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मदन कौशिक को उत्तराखंड प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है।’’ उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से भाजपा के सांसद तीरथ सिंह रावत के शपथ लेने के दो दिनों के बाद ही भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश संगठन में यह बदलाव किया है।
हरिद्वार विधानसभा सीट से चार बार विधायक निर्वाचित कौशिक प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। भाजपा द्वारा राज्य का मुख्यमंत्री पद राजपूत को सौंपे जाने के बाद संगठन का प्रभार ब्राह्मण चेहेरे को सौंपा हैं।
राज्य में राजपूत और ब्राह्मण सर्वाधिक आबादी वाली जातियां हैं। पार्टी ने इससे पहले त्रिवेन्द्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला किया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। अगले दिन तीरथ सिंह रावत को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।
कौशिक ने शुक्रवार को कहा कि वह वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों की चुनौती को सफलतापूर्वक पार कर लेंगे। संवाददाताओं से वह बोले कि आने वाली हर चुनौतियों का सामना करेंगे और आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी फिर विजय हासिल करेगी।
एक प्रश्न के जवाब में कौशिक ने कहा कि संगठन में फेरबदल होते रहते हैं, और इस संबंध में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का उदाहरण देते हुए कहा कि वह पहले केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री थे और बाद में पार्टी के अध्यक्ष बन गए।
उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता हर चुनौती को स्वीकार करता है और आगे बढ़ता है। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कौशिक को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया। चार बार हरिद्वार से विधायक और मंत्री रहे कौशिक को बंशीधर भगत के स्थान पर पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।