उत्तराखंड में इन दिनों बारिश कहर बनकर टूटी है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं। पिथौरागढ़ में भी बारिश के बाद भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। वहीं, धारचूला रोड पर भूस्खलन का खौफनाक वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग बाधित मार्ग को पार करने के लिए जैसे ही आगे बढ़ते हैं, अचानक भरभराकर चट्टान गिरने लगती है।
चट्टान गिरते देख सड़क पार कर रहे लोग फौरन भागते हैं और इस तरह वे इस भूस्खलन की चपेट में आने से बच जाते हैं। जौलजीबी-धारचूला मार्ग पर कलिका एसएसबी कैंप नया बस्ती के पास भूस्खलन का खौफनाक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि भूस्खलन की वजह से सड़क बंद है और सड़क खुलने के इंतजार में कुछ वाहन खड़े हैं। इस बीच, कुछ लोग पैदल सड़क को पार कर रहे हैं, उसी वक्त अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो जाता है। हालांकि, उन लोगों को चट्टान सरकने का अंदाजा हो जाता है और वे तुरंत ही वहां से पीछे हट जाते हैं और इस तरह एक बड़ा हादसा टल जाता है।
भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के कई इलाकों में रास्ते बाधित हुए हैं। चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कई जगहों पर रास्ते बाधित होने के कारण लोग फंसे हुए हैं। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण मैदानी इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
रूद्रप्रयाग में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। यहां भी नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। मंदाकिनी और अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा है और दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। इस बीच, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया कि किसी अप्रिय घटना की आशंका के बीच तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और सोनप्रयाग में भारी बारिश के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है।