उत्तराखंड में देर रात जारी मतगणना के बाद आज (बुधवार) सुबह नगर निकाय चुनाव में मेयर और अध्यक्ष पद की 84 सीटों में से 83 के रिजल्ट आ चुके हैं। इनमें से 34 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है तो 25 सीटें कांग्रेस के खेमे में आई हैं। वहीं 23 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों का डंका बजा। इसके साथ ही एक सीट पर बसपा ने कब्जा किया है। गौरतलब है कि आप, सपा और उक्रांद अपना खाता भी नहीं खोल पाए।इसके साथ ही बता दें सत्ताधारी भाजपा ने मेयर चुनाव में अपना परचम लहराया है। गौरतलब है कि 7 नगर निगम सीटों में से 6 पर भाजपा ने जीत हासिल की है। वहीं एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है। बता दें चमोली जिले की पोखरी नगर पंचायत के अध्यक्ष के साथ ही एक वार्ड का परिणाम रोका गया है क्योंकि वहां वार्ड सात के देवर बूथ के मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे।
निर्दलीयों का डंका
बात अगर वार्डों की हो तो निर्दलीय उम्मीदवारों का इस बार बोलबाला दिखा। 1064 पार्षद पद में से 992 के रिजल्ट जारी हो गए हैं। इनमें 543 सीटों पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के खाते में 152 सीटें। वहीं भाजपा के 289 पार्षद जीते हैं। इनके अलावा बीसएपी के खाते में 4, आप को 2, यूकेडी को 1 और सपा के खाते में 1 एक सीट आई है।
नगर निगम #हल्द्वानी से @BJP4India के मेयर प्रत्याशी श्री जोगेंद्र रौतेला जी को विजयी होने पर हार्दिक शुभकामनाएँ।
हल्द्वानी की समस्त जनता एवं कार्यकर्ताओ को हार्दिक बधाई। #UttarakhandNikayChunav2018 pic.twitter.com/yRCGvUcgN7— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) November 21, 2018
जीत का सिलसिला
आपको बता दें देहरादून नगर निमग सीट पर भाजपा के सुनील उनियाल गामा ने जीत हासिल करते हुए कांग्रेस के दिनेश अग्रवाल को मात दी। देहरादून के अलावा ऋषिकेश, काशीपुर, हल्द्वानी और रुद्रपुर मेयर सीट पर भाजपा ने परचम लहराया है।
मुख्यमंत्री की सीट पर हारी भाजपा
– मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के गढ़ में ही कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। डोईवाला सीट से त्रिवेंद विधायक है और यहां नगर पालिका सीट पर कांग्रेस की सुमित्रा मनवाल ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नगीना रानी को मात दी है। बता दें इस सीट के लिए सीएम त्रिवेंद्र ने भी चुनाव कैंपेन किया था लेकिन इसके बाद भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
– त्रिवेंद्र और हरक के अलावा भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को झटका लगा है। रानीखेत के जिस वार्ड से अजय आते हैं वहां भी भाजपा को हार मिली है।
कैबिनेट मंत्री के गढ़ में भाजपा को मिली हार
एक तरफ जहां भाजपा ने जीत हासिल की है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कोटद्वार से जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी हेमलता नेगी ने 1568 वोट के साथ बाजी मारी है। जबकि दूसरे स्थान पर निर्दलीय विभा चौहान रही और तीसरा नंबर लगा भाजपा का। आपको बता दे कि कोटद्वार सीट से भाजपा के हरक सिंह रावत विधायक और कैबिनेट मंत्री हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड की सात नगर निगम सीटों समेत 84 शहरी निकायों, 39 नगरपालिका परिषदों और 38 नगर पंचायतों के लिए 18 नवंबर को मतदान हुआ था।