यूपी के बाद अब अमित शाह ने उत्तराखंड में शनिवार से भाजपा के लिए चुनावी मिशन की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को अमित शाह ने यूपी में चुनावी बिगुल फूंका था, आज वो उत्तराखंड में जमकर विरोधियों पर बरसे और बीजेपी के लिए जनसमर्थन मांगा।

इस दौरान अमित शाह ने अपना काफिला रुकने का किस्सा भी बताया। शाह ने कहा- “कुछ लोग मिलने आए थे, मेरा काफिला रुक गया था, मैंने पूछा क्या हुआ तो उन्होंने कहा कि साहब आपको मालुम नहीं है आज शुक्रवार है। मुझे बताया कि शुक्रवार को हाईवे ब्लॉक करने और वहां नमाज करने की अनुमति है। कांग्रेस केवल तुष्टिकरण करती है और उत्तराखंड के लिए कोई कल्याणकारी कार्य नहीं कर सकती”।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के कारण विकास के मामले में बड़ी प्रगति की है। उन्होंने आने वाले चुनावों में भाजपा को एक और जनादेश देने की मांग की, ताकि राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके। शाह ने कहा- कांग्रेस भ्रष्टाचार, घपले, घोटाले का पर्याय बनी हुई है। कांग्रेस किसी भी राज्य में विकास का काम नहीं कर सकती है। न ही अच्छे प्रशासन के बारे में सोच सकती है। गरीब कल्याण और अच्छा प्रशासन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केवल बीजेपी ही दे सकती”। शाह यहां ‘घसियारी कल्याण योजना’ का शुभारंभ करने पहुंचे थे।

उन्होंने आगे कहा कि मोदी अपने कार्यकाल के दौरान 85,000 करोड़ रुपये की सड़क और रेल बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाएं लाएं। कांग्रेस दिखाए कि उसने राज्य के लिए क्या किया है? शाह ने कहा- “मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस 10 साल तक केंद्र में सत्ता में रही। इस दौरान उसने उत्तराखंड के लिए क्या किया? उसे राज्य की जनता को बताना चाहिए।”

शाह ने पीएम मोदी के कार्यक्रम की भी जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री 5 नवंबर को केदारनाथ धाम में भगवान आदि शंकराचार्य जी की बहुत बड़ी मूर्ति का शुभारंभ करने वाले हैं। उसके साथ देश भर के शिवालयों को जोड़ा जा रहा है। केदारनाथ का पुनर्निमाण पूरा होने वाला है। चार धाम यात्रा के लिए ऑल वेदर रोड का काम भी खत्म होने वाला है।