भारतीय जनता पार्टी प्रचंड जीत के साथ लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी की है। योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। जनाकारी के अनुसार कार्यक्रम में 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।

योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव के अलावा विभिन्न मठों और मंदिरों के महंत भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रमुख उद्योगपतियों और 49 कंपनियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। इनमें टाटा ग्रुप से एन शेखरन, अंबानी ग्रुप से नीरज अंबानी, महिंद्रा ग्रुप से आनंद महिंद्र, बिड़ला ग्रुप से कुमार मंगलम बिड़ला और गौतम अडानी भी शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए न्योता भेजा गया है। असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, उत्तराखंड, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, और गोवा के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम के लिए 200 वीवीआईपी मेहमानों की सूची तैयार की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती समेत सभी विपक्षी नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।

भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने की योजना बना रही है। जो लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे हैं, उन्हें अपने वाहनों पर पार्टी का झंडा लेकर आने के लिए कहा गया है। आने वाले लोगों के लिए निमंत्रण पत्र की व्यवस्था होगी, जिसे जिला स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। समारोह स्थाल के पास ड्रोन से निगरानी होगी। स्टेडियम के आसपास एटीएस के कमांडो और ऊंची इमारतों पर सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात होंगे। स्थानीय प्रशासन द्वारा 60 हजार से अधिक की भीड़ की प्रबंधन को लेकर तैयारी की जा रही है। हालांकि, भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए यह संख्या अनुमानित संख्या से अधिक हो सकती है।

शपथ ग्रहण समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, लेखकों, पेशेवरों, डॉक्टरों और इंजीनियरों को भी आमंत्रित किया गा है। जिलों से ऐसे लोगों की सूची मांगी गई है। विधानसभा चुनाव में कार्यरत भाजपा विस्तारक और अन्य राज्यों से आए कार्यकर्ताओं को भी समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्र से दो-दो कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाया गया है और पार्टी ने ठहरने और परिवहन की व्यवस्था की है।