उत्तर प्रदेश के इटावा से विधायक बनीं सरिता यादव और भाजपा संगठन के बीच मनमुटाव की खबर सामने आई है। इटावा सदर सीट से दूसरी बार विधायक चुने जाने के बाद सरिता का पार्टी कार्यालय में स्वागत किया जाना था, लेकिन जब वह वहां कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची तो मुख्य गेट पर ताला पाया। इसके बाद समारोह का आयोजन पास के मैरिज हॉल में हुआ।

जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) की अगुवाई में रविवार दोपहर में भाजपा जिला कार्यालय में दूसरी बार विधायक बनी सरिता भदौरिया का स्वागत कार्यक्रम होना था। इसकी जानकारी होते ही पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव राजपूत ने सभी पदाधिकारियों के साथ जिला कार्यालय बंद कर दिया। जब विधायक अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंची तो उन्हें मेन गेट पर ताला जड़ा मिला।

जिला अध्यक्ष को नहीं किया था आमंत्रित- विधायक के समर्थकों ने भाजपा कार्यालय बंद होने पर काफी नाराजगी जताई। इसके बाद विधायक का स्वागत समारोह पास के ही मैरिज हॉल शांति मैरिज वाटिका में कराई। भाजपा कार्यलाय पर ताला बंद होने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। विधायक सरिता यादव के स्वागत समारोह के बारे में जिला अध्यक्ष संजीव राजपूत को जानकारी नहीं थी। उन्हें इसके लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। इससे नाखुश संजीव राजपूत ने मुख्यालय पर ताला जड़ दिया।

संजीव राजपूत ने क्या कहा? संजीव ने कहा, “युवा मोर्चा का वहां कार्यक्रम था और इसके बारे में जिले के किसी पदाधिकारी को जानकारी नहीं थी। जब वहां सजावट शुरू हुई तो कार्यकर्ता ने फोनकर पूछा कि अध्यक्ष जी कोई कार्यक्रम है तो हमने कहा कि हमें कोई जानकारी नहीं है। जब महामंत्रियों से पूछा गया तो उन्होंने भी जानकारी न होने की बात कही।”

अराजगता और गुंडई के दम पर कार्यक्रम नहीं होने देंगे– संजीव ने आगे कहा, “जब किसी पदाधिकारी को जानकारी नहीं है तो कार्यालय पर कैसे कार्यक्रम हो रहा है। फिर पता चला कि बिन किसी पूर्व सूचना के सदर विधायक का वहां कार्यक्रम लगा दिया। अगर कार्यक्रम कराना था तो सूचना देना चाहिए। ऐसा कहने पर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। हमने कहा कि अराजगता और गुंडई के दम पर कार्यालय में कार्यक्रम नहीं होने देंगे। हम जिला अध्यक्ष हैं किसी भी कार्यक्रम की जानकारी हमें दी जानी चाहिए।”

सरिता यादव ने क्या कहा– जिला मुख्यालय पर तालाबंद होने को लेकर सरिता ने कहा कि देखिए हमें इसकी बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है। युवा मोर्चा का कार्यक्रम में हम मैरिज हॉल में गए थे। बहुत भव्यता से स्वागत हुआ। तालाबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि किस कारण से था इसपर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। आपलोग जिलाध्यक्ष से पूछ सकते हैं कि उन्होंने किस कारण से तालाबंद किया।

सरिता को टिकट देने के बाद मनुमटाव हुआ शुरू- भाजपा ने जब सरिता को टिकट देने का ऐलान किया था। संजीव राजपूत का का एक लेटर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने सरिता को टिकट न देने की बात कही थी।