कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में जोर-शोर से जुटी हैं। वो जगह-जगह रैली और रोड शो करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह रोड शो के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करती हैं और फिर खिड़की से होकर कार के भीतर एंट्री लेती हैं। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों ने कहा, “लड़की है, लड़ सकती है।”
प्रियंका के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। एक यूजर ने कहा, “लड़की है लड़ सकती है।” प्रियंका गांधी बुधवार को अमेठी पहुंची थीं, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा, “यहां पर हुनर है। उपजाऊ जमीन है। तमाम छोटे-छोटे उद्योग हैं। लेकिन यहां की स्थितियां देखकर दुख होता है। आप में से क्या कोई एक भी युवा है जिसे पिछले पांच साल में रोजगार मिला है? प्रदेश में 12 लाख पद खाली पड़े हैं और सरकार ने आपको रोजगार नहीं दिए।”
उन्होंने कहा, “रोजगार के दूसरा साधन हैं सरकारी कंपनियां, लेकिन उन्हें बेचा जा रहा है। जिस भी बड़ी कंपनी का नाम लीजिए, या तो बेची जा चुकी हैं या बेचने की योजना है। रोजगार का तीसरा क्षेत्र है छोटे उद्योग, उन्हें भी बर्बाद कर दिया गया।”
कांग्रेस महासचिव ने कहा, “किसान छुट्टा जानवरों से परेशान हैं।आज मोदी जी कह रहे हैं कि इसके बारे में मुझे आज पता चला है। 3 सालों में मैंने कितनी बार दोहराया है, सीएम को चिट्ठी लिखी, आज कह रहे हैं कि हमें मालूम ही नहीं था।” उन्होंने कहा, “वहां डोनाल्ड ट्रंप खांसते हैं, यहां आपको पता चल जाता है। लेकिन किसान परेशान हैं, यह आपको पता नहीं चलता। आपके मित्र रोज हजार करोड़ कमाते हैं और किसान रोज 27 रुपये कमाता है और आप कह रहे हैं कि आपको किसानों की समस्या का पता ही नहीं है।”
प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “आज यह परिस्थितियां बना दी गई हैं कि आपको एक बोरे राशन पर निर्भर बना दिया गया है। आपको जान-बूझकर गरीब रखा जा रहा है। वे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन अपनी नीतियों से आपको गरीब बना रहे हैं ताकि आप एहसान मानें और सवाल न करें।”