उत्तर प्रदेश के लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर शनिवार को पोस्टर लगाए गए थे, जिसमें नीतीश कुमार और अखिलेश यादव की तस्वीर छपी हुई थी। पोस्टर पर लिखा हुआ था यूपी+बिहार,गई मोदी सरकार। इस पोस्टर को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता आई पी सिंह ने लगवाया था। यह पोस्टर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। वहीं इस पोस्टर पर योगी सरकार में उप मुख्यमंत्री मंत्री बृजेश पाठक ने भी बयान दिया है।

सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने बहुत लोग देखते हैं। उन्होंने कहा, “देखिए यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने बहुत लोग देखते हैं। बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज और मजबूत हुआ है। आप देखेंगे 2024 में हम 80 की 80 सीटें जीतेंगे।”

सपा प्रवक्ता आई पी सिंह ने यह पोस्टर लगवाया था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि आने वाली क्रांति के नायक समाजवादी नेता होंगे। आईपी सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, “सपा, जदयू, राजद सभी दल समाजवादी विचारधारा के अग्रदूत हैं और माननीय नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव जी इन दलों के संयुक्त संरक्षक हैं।समाजवादियों ने पहले भी तानाशाही को उखाड़ फेंका है और अब भी आने वाली क्रांति के नायक समाजवादी ही होंगे। यूपी + बिहार = गयी मोदी सरकार।”

बता दें कि 9 अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी का साथ छोड़ दिया था और आरजेडी के साथ उन्होंने फिर से सरकार बनाई थी और मुख्यमंत्री बने थे। नई सरकार में तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री बने हैं। जबसे नीतीश कुमार ने बीजेपी का साथ छोड़ा है, उसके बाद से ही वह विपक्ष को एकजुट करने में जुट गए हैं। कुछ दिन पहले ही नीतीश कुमार ने दिल्ली दौरा किया था और उन्होंने 10 प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की थी।

नीतीश कुमार ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान कहा था कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने की जरूरत है। अगर सभी दल एकजुट हो गए, तो 2024 में बहुत कुछ अच्छा होगा और देश हित में होगा। नीतीश कुमार ने दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।