केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सोमवार (1 अक्टूबर) को संगम नगरी इलाहाबाद में थे। गिरिराज सिंह ने इलाहाबाद में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष को शिव विरोधी और हिंदू विरोधी करार दिया। गिरिराज ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उन कार्यकर्ताओं को भी पार्टी से निकाल दिया है जिन्होंने हर—हर महादेव का जयकारा लगाया था।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एएनआई से कहा, ” राहुल गांधी के कई चेहरे अब तक सामने आए हैं। उनके शिव विरोधी, भगवान शंकर का विरोधी और हिंदू विरोधी चेहरे अब तक सामने आ चुके हैं। कभी चुनाव से पहले कैलाश मानसरोवर जाते थे। कभी जनेऊधारी बनकर घूमते थे। कभी खुद को शिवभक्त कहते थे। लेकिन केरल में शिव के नंदी को काटकर गौमांस की पार्टी दी।
#WATCH Union Minister Giriraj Singh says,”In Allahabad, Congress workers who raised slogans of “Har Har Mahadev” were expelled from the party”. #Mathura pic.twitter.com/aQIZAEWI5J
— ANI UP (@ANINewsUP) October 1, 2018
गिरिराज सिंह ने आगे कहा,” आज इलाहाबाद में जिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को शिवभक्त कहा और हर—हर महादेव का नारा लगाया। राहुल गांधी उल्टे जहाज में बैठ गए और उन सारे लोगोें को पार्टी से निकाल दिया। इसलिए पार्टी से निकाल दिया क्योंकि उनके असली चेहरे सामने आ गए। वो वोट के लिए कभी कैलाश जाते, कभी जनेऊ पहनते उन लोगों के असली चेहरे सामने आ गए। ”
वैसे बता दें कि गिरिराज सिंह पहले भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर हिंदुत्व को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते रहे हैं। गिरिराज ने कहा था कि कांग्रेस जेएनयू और केरल में बीफ पार्टी करती है और करवाती है लेकिन गुजरात में वह मंदिरों का भ्रमण करते हैं, तिलक लगाते हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को जनेऊधारी ब्राह्मण कहते हैं, ये दोहरी मानसिकता नहीं चलने वाली है।
इससे पहले राजस्थान के जोधपुर में भी गिरिराज सिंह ने कहा था कि भारत में रहने वाले मुसलमान और हिन्दू एक ही वंशज और एक ही कुल के हैं। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाला मुस्लिम बाबर की औलाद नहीं है, वह राम का वंशज है। गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत के मुसलमानों को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में सहयोग करना चाहिए। अपने विवादित बयान के लिए चर्चा में रहने वाले गिरिराज सिंह ने कहा भारत में हिन्दू-मुसलमानों की धर्म पद्धति भले ही अलग-अलग हो लेकिन उनके पूर्वक एक हैं।