Atiq Ahmed Case: उत्तर प्रदेश की प्रयागराज पुलिस ने मारे गए माफिया अतीक अहमद की फरार पत्नी शाइस्ता परवीन को भगोड़ा घोषित कर दिया है। शाइस्ता पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। शाइस्ता को भगोड़ा घोषित करने के बाद पुलिस ने उसके घर की कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। हालांकि, यह मकान दूसरे के नाम पर है और उमेश पाल हत्याकांड के बाद इसे बुलडोजर से गिरा दिया गया था।
प्रयागराज के धूमनगंज थाना पुलिस शाम छह बजे के करीब कुर्की का नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की। चकिया इलाके में स्थित मकान की कुर्की की प्रक्रिया का नोटिस चस्पा किया गया। इस दौरान डुगडुगी बजाकर मुनादी भी कराई गई।
उमेश पाल मर्डर केस में नामजद आरोपी है शाइस्ता
राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या में माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन नामजद आरोपी है। 24 फरवरी को धूमनगंज इलाके में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। शाइस्ता परवीन वारदात के बाद से लगातार पुलिस को चकमा दे रही है। पति अतीक अहमद और बेटे असद की मौत के बाद भी वह सामने नहीं आई।
पुश्तैनी घर पर बुलडोजर चलने के बाद माफिया अतीक अहमद का परिवार चकिया के इसी 297/205 एफ मकान में रहता था। यह मकान जफर अहमद के नाम पर था। 7 जनवरी 2021 को जफर अहमद के नाम इसकी रजिस्ट्री हुई थी। माफिया अतीक अहमद का पुश्तैनी मकान तोड़े जाने के बाद उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन और उनके बेटे इसी मकान में रहते थे।
कौन है जफर अहमद?
24 फरवरी को उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या के बाद पीडीए ने एक मार्च को इस मकान पर बुलडोजर चला दिया था। 1 मार्च 2023 को मकान को ध्वस्त कर दिया गया था। उस वक्त यह जानकारी आई थी कि मकान के बिजली का कनेक्शन शाइस्ता परवीन के नाम पर ही था। जफर अहमद माफिया अतीक अहमद के वकील खान सौलत हनीफ का साला है। जफर अहमद बांदा का रहने वाला है और एक न्यूज एजेंसी में पत्रकार भी था। इसी मकान को पुलिस अब कुर्क करने की कार्रवाई कर रही है।