Shrikant Tyagi arrest: आपराधिक गुत्थियों को सुलझाने के लिए अक्सर पुलिस कॉल डिटेल का इस्तेमाल करती है। फोन को सर्विलांस पर लगाकर पुलिस ने कई दफा आरोपियों को धर दबोचा है। नोएडा के गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी को भी पुलिस ने इसी तिकड़म के जरिए उत्तर प्रदेश के मेरठ से धर दबोचा है। उसके साथ तीन और लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो ये तीन लोग उसके साथ नोएडा में घटना के वक्त मौजूद रहे थे।
ध्यान रहे कि नोएडा का गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी पुलिस का शिकंजा कसने के बाद से ही फरार था। पुलिस ने उसकी पत्नी मनु त्यागी को पूछताछ के बाद अरेस्ट कर लिया था। ओमेक्स ग्रेंड सिटी में महिला से अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने जब तूल पकड़ा तो योगी सरकार के साथ पुलिस की भी साख पर बट्टा लगने लगा था। श्रीकांत की कई तस्वीरें बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ वायरल हुईं तो लोग कहने लगे थे कि बीजेपी इस बेलगाम नेता को गिरफ्तार होने ही नहीं देना चाहती।
सूत्रों का कहना है कि सरकार की तरफ से निर्देश थे कि कैसे भी श्रीकांत को अरेस्ट किया जाए। हालांकि उसके बाद उसके उत्तराखंड में होने के कयास लग रहे थे। पुलिस की टीमें हर छोटे से सुराग को जरिया बनाकर श्रीकांत तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। बताया जाता है कि आरोपी मेरठ में किसी नजदीकी के यहां छिपकर रह रहा था। उसने एक गलती की और पकड़ा गया।
पुलिस ने उसके उन नंबरों को सर्विलांस पर लगाया था जिनसे वो अपने नजदीकी लोगों के संपर्क में था। ऐसे ही एक नंबर से उसने अपनी पत्नी से संपर्क साधा तो पुलिस को उसकी लोकेशन का पता लग गया। उसके बाद STF की टीम ने धावा बोलकर उसे धर दबोचा। उसके साथ तीन और लोग भी पकड़े गए। ये सभी श्रीकांत के साथी बताए जाते हैं। इनमें से दो बाउंसर हैं।
उधर, श्रीकांत त्यागी की बहन ने ABP गंगा से बातचीत में कहा कि उसके गिरफ्तार होने से पूरा परिवार खुश है। जब वो नहीं मिल रहा था तो पूरा परिवार सदमे में था। उन्हें लग रहा था कि कहीं श्रीकांत को कुछ हो तो नहीं गया। उसे सही सलामत देखकर पूरा परिवार अब सुकून में है। बहन का कहना है कि वो और उनका पूरा परिवार पुलिस के साथ जांच में सहयोग कर रहा है।