प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खान से रविवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बाहर आए शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आजम खान भी चाहते हैं कि पूरा समाजवादी परिवार एक हो जाए। वहीं, अखिलेश यादव से हाथ मिलाने के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा, ” यह रणनीति का हिस्सा है। कब क्या करना है, आपके सामने यह रणनीति नहीं बता सकते हैं। कुछ दिनों का इंतजार कीजिए, सब सामने आ जाएगा।”

ये पूछने पर कि अगर सपा के साथ बात नहीं बनती है तो आजम खान किसके पक्ष में प्रचार में करेंगे? पत्रकारों के इस सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ये आप कैसे समझ सकते हैं कि बात नहीं बनेगी। वहीं, शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान से मिलने में इतनी देर लगने के सवाल पर कहा कि उन्होंने कई बार इस संबंध में सरकार को पत्र लिखा है।

शिवपाल सिंह यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सरकार किसी की सुनती नहीं है। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार में लोकतंत्र नहीं है, ये तानाशाही लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा कि ये सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान ने विकास किया है किसी के साथ गलत नहीं किया

पिछले महीने रथयात्रा पर निकले शिवपाल सिंह यादव रामपुर भी पहुंचे थे। तब उन्होंने आजम खान को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए न्योता दिया था। शिवपाल यादव ने कहा था कि आजम खान के लिए प्रसपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने आजम खान पर हुई कार्रवाई को सरकार की बदले की भावना बताया था।

अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच रिश्ते 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले खराब हो गए थे। पार्टी में वर्चस्व की इस जंग में अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव की जगह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। वहीं, विधानसभा चुनाव में शिवपाल यादव को जसवंतनगर सीट से टिकट दिया गया, जहां से वह चुनाव जीतकर आए। लेकिन बाद में शिवपाल सिंह यादव ने सपा से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बना ली।