पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर (Seema Haider) जब से भारत आईं हैं, उसके बाद से ही वह चर्चा में बनी हुई हैं। सीमा हैदर को भारत में गिरफ्तार किया गया था लेकिन अब उन्हें जमानत मिल गई है। अब सीमा हैदर ने हिंदू संस्कृति को अपना लिया है। सीमा हैदर ने कहा कि पाकिस्तान वापस नहीं लौटना चाहती हैं। सीमा हैदर अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर गईं थीं और अपने प्रेमी और बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में एक किराए के अपार्टमेंट में एक साथ रहने लगीं।
सीमा हैदर को 4 जुलाई को किया गया था गिरफ्तार
सीमा हैदर को नेपाल के रास्ते बिना वीजा के अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में 4 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। उनकी मदद करने के आरोप में उनके पति सचिन को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि दोनों को शुक्रवार को जमानत दे दी गई।
सीमा हैदर ने कहा कि उनकी दिनचर्या में अब गले में राधे-राधे की माला पहनना, हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करना, आशीर्वाद के लिए बड़ों के पैर छूना और भगवान से प्रार्थना करना शामिल है।
सीमा हैदर ने अपनाया हिंदू धर्म
सीमा हैदर ने कहा कि उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया है और सचिन के परिवार की तरह शाकाहारी जीवनशैली अपना ली है। उन्होंने कहा कि वह अब लहसुन नहीं खाती हैं। सीमा की पाकिस्तान लौटने की कोई इच्छा नहीं है क्योंकि उनका मानना है कि अगर वह वापस गई तो उन्हें मार दिया जाएगा। हालांकि सीमा हैदर के बच्चों के पास पाकिस्तान लौटने का विकल्प है, लेकिन उन्होंने अपनी मां के साथ रहना चुना है। सीमा ने यह भी बताया कि उनका पहला पति गुलाम 2020 से उनकी जिंदगी से गायब है। जिस समय सीमा और सचिन का रिश्ता परवान चढ़ा, उस दौरान गुलाम काम के सिलसिले में सऊदी अरब में था।
वहीं सीमा के पति गुलाम हैदर ने सोशल मीडिया के जरिये भारत सरकार से उसकी पत्नी को वापस पाकिस्तान भेजने गुहार लगाई है। सीमा अवैध तरीके से भारत आई हैं, इसलिए उन्हें निर्वासन का सामना करना पड़ सकता है। फरवरी में ऐसे ही एक मामले में पाकिस्तानी महिला इकरा जिवानी को पाकिस्तान भेज दिया गया था।