उत्तर प्रदेश में इसी वर्ष के अंत में नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं और राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं गोरखपुर में नगर निगम से पहले करीब 50 वार्डों के नए नाम रख दिए गए हैं। करीब 80 वार्डों का परिसीमन हुआ है। गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में 32 गांव और शामिल हुए हैं, जिस से गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र की आबादी बढ़ गई है। गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में पहले 70 वार्ड थे और अब 80 वार्ड हो गए हैं।

गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में 40 वार्डों का नया नाम रखा गया है जबकि 10 नए वार्ड का और निर्माण किया गया है। मियां बाजार अब माया बाजार हो गया है जबकि अली नगर अब आर्य नगर हो गया है। वहीं नए नामों पर आपत्ति जताने के लिए नगर निगम ने एक सप्ताह का समय भी दिया है। गोरखपुर में पहले 70 वार्ड थे, अब 80 वार्ड हो गए हैं।

गोरखपुर में मोहद्दीपुर अब सरदार भगत सिंह नगर के नाम से जाना जाएगा। तो वहीं अलीनगर अब आर्य नगर के नाम से जाना जाएगा। मियां बाजार नाम के वार्ड को बदलकर माया बाजार कर दिया गया है, जबकि पुर्दिलपुर वार्ड को बदलकर विजय चौक कर दिया गया है। गोरखपुर में जनप्रिय बिहार वार्ड का नाम दिग्विजयनगर कर दिया गया है। तो वहीं निषाद बहुल नौसढ़ का नाम बदलकर मत्स्येंद्र नगर कर दिया गया है।

गोरखपुर में मुफ्तीपुर वार्ड अब घंटाघर के नाम से जाना जाएगा। वहीं घोषी पुरवा वार्ड अब राम प्रसाद बिस्मिल नाम से जाना जाएगा। वहीं बिछिया जंगल तुलसीराम पूर्वी वार्ड का नाम शहीद शिव सिंह छेत्री के नाम से जाना जाएग। शेखपुर वार्ड का नाम गीता प्रेस के नाम से जाना जाएगा। जबकि तुर्कमान नगर अब शहीद अशफाक उल्ला नगर वार्ड से जाना जाएगा। जतेपुर वार्ड का नाम अब विश्वकर्मा पुरम बौलिया के नाम से जाना जाएगा।

वहीं समाचार यूट्यूब चैनल यूपीतक के अनुसार गोरखपुर के नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा है कि परिसीमन के प्रारूप को शासन से मंजूरी मिल गई है। जबकि अगर किसी को भी नाम पर आपत्ति है, तो वह एक सप्ताह के अंदर इस पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है गोरखपुर और वह पहले भी अपने कई भाषणों और बयानों में इन जगहों के नाम बदलने की बात कह चुके हैं।