बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोला है। ये खुली नफरत की मिसाल है वाले ओवैसी के बयान को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि ये उनका विधवा विलाप है। बीजेपी सांसद उत्तर प्रदेश के उन्नाव गए थे, जहां उन्होंने पत्थरबाजी, बुलडोजर और मुसलमानों को कलेक्टिव पनिशमेंट देने के ओवैसी के बयान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
साक्षी महाराज ने कहा कि यूपी में कानून का राज है, जिस तरह पत्थर फेंके गए थे, इसलिए कानून के तहत बुलडोजर चल रहा है। ओवैसी का बयान विधवा विलाप से ज्यादा कुछ नहीं है। बता दें कि बीते शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हुई उपद्रव की घटनाओं में शामिल कुछ लोगों पर बुलडोजर एक्शन हुआ है, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन प्रदर्शनों में शामिल 85 और लोगों की लिस्ट तैयार करवाई है जिनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चल सकता है।
इसे लेकर, ओवैसी ने यूपी सरकार पर कलेक्टिव पनिशमेंट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये खुली नफरत की मिसाल है। उन्होंने यूपी सीएम पर हमला करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तो सुपर चीफ जस्टिस बन चुके हैं। वो खुद अपनी अदालत में किसी को कन्विक्ट करेंगे और घर तोड़ देंगे। रूल ऑफ लॉ को बर्बाद कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जो घर तोड़ा गया आफरीन फातिमा का वो तो उसकी मां के नाम पर था। झूठा नोटिस देकर उसका घर तोड़ा गया। झूठ कहा कि पहले नोटिस दिया गया। आपके पास अधिकार ही नहीं है घर तोड़ने का। अगर है हिम्मत तो तोड़ें टेनी का घर, क्यों नहीं तोड़ते उस पर तो 5 हत्याओं के आरोप हैं, पुलिस ने बेल रद कर दी। ये मुसलमानों के खिलाफ खुली नफरत की मिसाल है। कलेक्टिव पनिशमेंट भारत के मुसलमानों को दे रहे हैं बीजेपी वाले।”
पत्थरबाजी और बुलडोजर को लेकर क्या बोले साक्षी महाराज
पत्थरबाजी और बुलडोजर को लेकर साक्षी महाराज ने कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का जो इतना विकास हुआ है, वो बाकी राजनीतिक दलों को रास नहीं आ रहा है। पीएम मोदी का महामंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और इस नए भारत में लोग विष घोलना चाहते हैं। इसका ही परिणाम है कि सुनियोजित तरीके से देश में जगह-जगह पत्थरबाजी हुई। उत्तर प्रदेश में तो बाबा योगी आदित्यनाथ हैं, अगर शुक्रवार को पत्थर चलेगा तो शनिवार को बुलडोजर चलेगा।”