उत्तर प्रदेश की नवगठित योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रियों को आज विभाग आवंटित कर दिये गये। राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के प्रस्ताव पर दोनों उप मुख्यमंत्रियों सहित सभी 22 मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार के नौ राज्यमंत्रियों तथा 13 राज्यमंत्रियों को विभागों के आवंटन को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। मुख्यमंत्री ने गृह, आवास एवं शहरी नियोजन, राजस्व, खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अर्थ एवं संख्या, भूतत्व एवं खनिकर्म, बाढ़ नियंत्रण, कर निबंधन, कारागार, सामान्य प्रशासन, सचिवालय प्रशासन, गोपन, सर्तकता, नियुक्ति, कार्मिक, सूचना, निर्वाचन, संस्थागत वित्त, नियोजन, राज्य सम्पत्ति, नगर भूमि, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय, प्रशासनिक सुधार, कार्यक्रम कार्यान्वयन, राष्ट्रीय एकीकरण, अवस्थापना, समन्वय, भाषा, वाह्य सहायतित परियोजना, अभाव, सहायता एवं पुनर्वास, लोक सेवा प्रबंधन, किराया नियंत्रण, उपभोक्ता संरक्षण, बाट माप आदि विभाग अपने पास रखे हैं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लोक निर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम विभाग का कार्यभार आवंटित किया गया है। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा को माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का कार्यभार दिया गया है। कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही को कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग, सुरेश खन्ना को संसदीय कार्य, नगर विकास तथा शहरी समग्र विकास विभाग, स्वामी प्रसाद मौर्य को श्रम एवं सेवा योजना, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन महकमा, सतीश महाना को औद्योगिक विकास तथा राजेश अग्रवाल को वित्त विभाग का जिम्मा दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा पर्यटन विभाग, दारा सिंह चौहान को वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान तथा उद्यान विभाग, धरमपाल सिंह को सिंचाई विभाग, एसप सिंह बघेल को पशुधन, लघु सिंचाई तथा मत्स्य विभाग सौंपा गया है। सत्यदेव पचौरी को खादी, ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, रमापति शास्त्री को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, जय प्रकाश सिंह को आबकारी एवं मद्यनिषेध, ओम प्रकाश राजभर को पिछड़ा वर्ग कल्याण, विकलांग जन विकास विभाग, बृृजेश पाठक को विधि एवं न्याय, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा राजनैतिक पेंशन विभाग का दायित्व दिया गया है।


इसके अलावा लक्ष्मी नारायण चौधरी को दुग्ध विकास, धमार्थ कार्य, संस्कृति एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, चेतन चौहान को खेल एवं युवा कल्याण, व्यवसायिक शिक्षा तथा कौशल विकास विभाग, श्रीकांत शर्मा को ऊर्जा विभाग, राजेन्द्र प्रताप सिंह को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा महकमे का कार्यभार सौंपा गया है। सिद्घार्थ नाथ सिंह को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, मुकुट बिहरी वर्मा को सहकारिता, आशुतोष टण्डन को प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं नंद कुमार नंदी को स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क, पंजीयन तथा नागरिक उड्डयन विभाग आवंटित किया गया है।